गाजियाबाद : आरती ने आत्महत्या से पहले वीडियो में साझा किया था दर्द

गाजियाबाद। दीवार पर पड़ोसियों के नाम लिखकर उन्हें मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए आत्महत्या करने वाली महिला आरती सचान का आत्महत्या से पहले का वीडियो सामने आया है। वीडियो में महिला परेशान होकर आत्महत्या करने का जिक्र कर रही हैं। परिजनों का कहना है कि वीडियो उनके मोबाइल में मिला है।

यह वीडियो 31 जनवरी को रिकॉर्ड किया बताया गया है। महिला के पति ने आत्महत्या मामले में दर्ज केस में आरोप लगाया है कि पुलिस केस में जांच शुरू नहीं कर रही है। महिला के पति मनोज सचान का कहना है कि उनकी पत्नी ने एक फरवरी की शाम को फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। घटना के समय उनका बेटा घर पर दूसरे कमरे में मौजूद था, लेकिन उसे पता नहीं चला। उनकी बहन काम से लौटी, तब कमरे में उनकी पत्नी को फंदे से लटका हुआ देखा। कमरे में दीवार पर छह-सात नाम लिखे हुए थे जो उनके पड़ोसियों के थे। मनोज सचान के मुताबिक, उनकी पत्नी ने उत्पीड़न और परेशान करने का केस बीते वर्ष मार्च में कविनगर थाने में दर्ज कराया था, लेकिन पुलिस ने उस केस में एफआर लगा दी। उसके बाद से उनकी पत्नी परेशान रहती थीं।

पुलिस व मजिस्ट्रेट पर भी आरोप
पत्नी की मौत के बाद वह जरूरी कामों में लगे हुए थे, इसलिए मोबाइल ठीक से नहीं देख पाए। उन्होंने बृहस्पतिवार को मोबाइल में एक वीडियो देखा। वीडियो 31 जनवरी की दोपहर में रिकॉर्ड किया गया है। वीडियो में उनकी पत्नी जिक्र कर रही हैं, यह उनकी आखिरी कोशिश है। उनके पड़ोसी उन्हें गंदे तरीके से ट्रीट करते हैँ। महिला ने न्यायिक अधिकारी और पुलिसकर्मियों पर भी आरोप लगाया है। वीडियो 57 सेकेंड का है।

पुलिस बोली : नहीं मिला वीडियो
एसीपी कविनगर अभिशेक श्रीवास्तव ने बताया कि वीडियो सामने आने की जानकारी नहीं है। स्वजन वीडियो उपलब्ध कराते हैँ तो उसकी जांच कराई जाएगी। महिला की मौत मामले में केस दर्ज है। उसमें जांच की जा रही है।

Exit mobile version