गाजियाबाद : सफाईकर्मियों ने मांगें न पूरी होने पर दी धर्म परिवर्तन की धमकी

गाजियाबाद। नगर निगम के खिलाफ मोर्चा खोले सफाई कर्मचारियों ने अब मांगें पूरी न होने पर धर्म परिवर्तन की धमकी भी दे डाली है। कर्मचारियों ने गुरुवार को डीएम को ज्ञापन सौंपा, जबकि इससे पहले मार्च निकाला गया।

नगर निगम के सफाई कर्मचारी कई दिनों से अपनी मांगों को लेकर नगर निगम में धरने पर बैठे हुए हैं। निगम कर्मचारियों की मांग है कि कर्मचारियों का पीएफ और वेतन में बढ़ोतरी के साथ-साथ उनको स्थाई करने का प्रावधान किया जाए। निगम के सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि जब वो निगम में धरने पर बैठे थे तो ना तो महापौर सुनीता दयाल उनकी मांगे सुनने उनके बीच आईं और ना ही निगम का कोई अधिकारी। महिला सफाई कर्मचारियों का आरोप है कि मेयर सुनीता दयाल पर आरोप लगाते हुए कहा की मेयर ने महिला कर्मचारियों पर टिप्पणी करते हुए कहा था कि ये कर्मचारी हैं, जो लिपस्टिक, बिंदी और हाथों में चार-चार अंगूठी पहने बैठी हैं। सफाई कर्मचारी संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष संजय टांक ने कहा कि जब तक हमारी मांगे नहीं मानी जाती, तब तक अधिकारियों के घरों के बाहर कूड़ा डालकर अपना विरोध जारी रखेंगे। साथ ही उन्होंने कहा की अगर हमारी मांगों को अनदेखा किया गया तो हम सामूहिक धर्म परिवर्तन करने पर मजबूर हो जाएंगे।

जमकर की गई नारेबाजी
कर्मचारियों ने मार्च निकालने के दौरान अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। साथ ही नगर निगम के लापरवाही रवैये के खिलाफ भी नारे लगाए गए। कर्मचारियों का कहना था कि नगर निगम मांगें जब तक पूरी नहीं करेगा, हम भी काम पर नहीं लौटेंगे और आंदोलन जारी रहेगा।

Exit mobile version