जमीनी विवाद में चचेरे भाई समेत तीन की गोली मारकर हत्या

लखनऊ। जमीनी विवाद को लेकर ट्रिपल मर्डर की वारदात सामने आई है। सनसनीखेज वारदात के दौरान रिश्तों का कत्ल भी हुआ है। बताया जाता है कि हत्यारोपी कोई और नहीं बल्कि तहेरा भाई है और जिनकी हत्या हुई है, उनमें चचेरा भाई समेत उसकी पत्नी व बेटा शामिल हैं। मामले की जानकारी पर सिस्टम में हड़कंप मच गया। वहीं कई थानों की पुलिस मौके पर जा पहुंची है। अफसर भी घटनास्थल का मुआयना करने में जुटे हैं।

पूरा मामला सूबे की राजधानी लखनऊ का है। बताया जाता है कि आज विवादित जमीन की पैमाईश होनी थी। उससे पहले ही दूसरे पक्ष के लोग असलहा लेकर पहुंचे और फायरिंग करने लगे। लखनऊ के मोहम्मदनगर गांव में शुक्रवार को जमीन की पैमाइश करने के लिए लेखपाल गया था। तभी लल्लन खां अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंच गया। जाते ही उसका चचेरे भाई मुनीर से विवाद होने लगा। शोर शराबा सुनकर मुनीर की पत्नी फरहीन और बेटा हंजला खान भी मौके पर पहुंच गया। लेखपाल जमीन पर पैमाइश करने की बात कहने लगा।

अचानक शुरू हुई फायरिंग
इसी बीच लल्लन खां ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से मुनीर, उनकी पत्नी और बेटे की मौत हो गई। गोलियों की तड़तड़ाहट से हड़कंप मच गया। गांव के लोगों की भीड़ लग गई। फिलहाल मौके पर तनावपूर्ण माहौल है। कई थानों की फोर्स मौके पर तैनात है।

Exit mobile version