गाजियाबाद: यति नरसिंहानंद को जेड प्लस की सुरक्षा की मांग तेज, सन्यासियों ने दिल्ली बार्डर पर दिया धरना

गाजियाबाद। डासना देवी मंदिर के महंत यति नरसिंहानंद महाराज गिरी को जेड प्लस की सुरक्षा की मांग को लेकर यति सन्यासियों ने पदयात्रा शुरू की है। यति सन्यासी हरिद्वार से पदयात्रा शुरू करके गृह मंत्री अमित शाह के आवास पर जा रहे निकले और मंगलवार को यहां पहुंचे। यति सन्यासियों को गाजियाबाद में यूपी बॉर्डर पर रोक दिया गया। इसके विरोध में यति सन्यासियों का समूह सड़क पर ही धरना देकर बैठ गया।

गाजियाबाद में डासना देवी मंदिर है। इसके पीठाधीश्वर यति नरसिंहानंद गिरी महाराज हैं। वे श्री पंच दशनाम जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर भी हैं। उन्हें जेड प्लस सुरक्षा देने की मांग को लेकर यति सन्यासियों ने 25 दिसम्बर को हर की पौड़ी हरिद्वार से पदयात्रा शुरू की थी। ये यात्रा सोमवार को गाजियाबाद पहुंची। रात्रि विश्राम के बाद यात्रा ने मंगलवार सुबह गृह मंत्री अमित शाह के आवास के लिए प्रस्थान किया। यूपी-दिल्ली बॉर्डर पर पुलिस ने इस यात्रा को रोक दिया है। फिलहाल दोनों राज्यों का पुलिस बल यति संन्यासियों को समझाने में जुटा हुआ है। छोटे नरसिंहानंद अनिल यादव ने कहा, हमारे गुरुजी महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरि महाराज के सिर पर तमाम इस्लामिक देशों की तरफ से इनाम रखा हुआ है। महामंडलेश्वर की जान को खतरा है। हम चाहते हैं कि केंद्र सरकार उन्हें जेड प्लस सुरक्षा दे। इसके लिए ही ये पदयात्रा की जा रही है।

हमारे गुरु को अनाथ न समझे सरकार
पदयात्रा का नेतृत्व कर रहे यति रामस्वरूपानंद महाराज ने कहा, केंद्र सरकार हमारे गुरु को अनाथ ना समझे। आज लाखो हिन्दू युवा उनके लिये अपने प्राण न्यौछावर करने के लिये तैयार हैं। हम सभी यति सन्यासी अपने गुरु के सम्मान के लिये मर मिट सकते हैं। केंद्र सरकार हमारे धैर्य की परीक्षा ना ले। हमारे गुरु की हत्या का अर्थ इस देश में गृहयुद्ध जैसे हालात होना है।

Exit mobile version