दंपति ने नहर में कूदकर जान दी, छह महीने पहले की थी लवमैरिज

लखनऊ। दंपति ने शनिवार को शारदा नहर में कूदकर जान दे दी। दोनों में खाना बनाने को लेकर विवाद हुआ। इसके बाद गुस्से में पत्नी घर से निकल आई। पति भी उसके पीछे-पीछे गया। उसने पत्नी को रास्ते में रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं रुकी।
घर से करीब 1 किलोमीटर दूर पहुंचकर पत्नी खुशबू (26) ने शारदा नहर में कूद गई। यह देखकर पति गोविंद (28) ने भी छलांग लगा दी। दोनों को करीब 45 मिनट बाद बाहर निकाला गया। अस्पताल ले जाया गया। वहां इलाज के दौरान मौत हो गई। दोनों ने 6 महीने पहले ही लव मैरिज की थी।

पूरा मामला मानक नगर थाना क्षेत्र के कनौसी का है। यहां रहने वाले गोविंद (28) ने 6 महीने पहले खुशबू (26) से लव मैरिज की थी। गोविंद के 4 और भाई हैं। उसकी एक बहन की शादी हो चुकी है। बहन सुमन ने बताया कि गोविंद ऑटो चलाता था। 1 साल पहले खुशबू से उसकी मुलाकात हुई। दोनों में 6 महीने अफेयर चला। इसके बाद दोनों ने लव मैरिज की थी। गोविंद और खुशबू को नहर में कूदते हुए एक राहगीर ने देख लिया। उसने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने अलीगंज से 4 गोताखोर बुलाए। करीब 45 मिनट तक चारों गोतखोर ने 12 फीट गहरी नहर में रेस्क्यू अभियान चलाया। तब जाकर पति-पत्नी मिले। पुलिस ने दोनों को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया।

खाने को लेकर हुआ था झगड़ा
गोविंद के पिता बेचालाल ने बताया, श्श्रात को दोनों में खाने को लेकर झगड़ा हुआ था। मगर रात में हम लोगों ने झगड़ा शांत करवा दिया। फिर दोनों ने खाना खाया और रूम में सोने चले गए। सुबह दोनों सोकर उठे और चाय पी। सुबह करीब 8 बजे दोनों फिर से झगड़ा करने लगे। हम लोगों ने शांत कराने की कोशिश की, मगर दोनों मान नहीं रहे थे। इसी बीच, खुशबू रोती हुई घर से निकल गई। फिर उसके पीछे गोविंद भी चला गया। थोड़ी देर में हम लोगों को पता चला कि दोनों नहर में कूद गए। इसके बाद हम लोग मौके पर पहुंचे। तभी पुलिस पहुंच गई।

परिवार से कर रहे पूछताछ
मानकनगर इंस्पेक्टर शिव मंगल का कहना है कि एक राहगीर ने फोन करके पुलिस को सूचना दी थी। पुलिस ने अलीगंज से 4 गोताखोर बुलाए। इसमें चंद्र किशोर, राम लखन, जैकी, राजकुमार ने काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला। फिर दोनों को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। यहां डॉक्टरों ने दोनों की मृत घोषित कर दिया। पारिवारिक विवाद में दोनों ने सुसाइड किया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। परिवार से पूछताछ की जा रही है।

Exit mobile version