गाजियाबाद : महिलाओं की शिकायतों का बेहतर वातावरण में हो रहा निस्तारण : असीम अरुण

गाजियाबाद। प्रभारी मंत्री असीम अरुण ने शनिवार को पिंक बूथों का मुआयना किया। कहा कि अब महिला संबंधी अपराध को जल्द सुलझाने और पीड़ितों की शिकायत को बेहतर वातावरण देते हुए सुलझाने के लिए पिंक बूथ का निर्माण किया गया है। इन पिंक बूथ में महिला संबंधी अपराधों की सुनवाई महिला पुलिसकर्मियों द्वारा ही की जाएगी।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि महिलाओं को अपनी शिकायत बताने में किसी तरह की कोई हिचक या परेशानी का अनुभव न हो। इसी कारण ये बूथ प्रदेश सरकार द्वारा बनवाए गए हैं। यहां के आंकड़े गवाह हैं कि 1600 के करीब महिला संबंधी अपराधों की शिकायत का निस्तारण कर लिया गया है। असीम अरुण ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिला संबंधी अपराधों को तीव्रता और आसानी के साथ सुलझाने के लिए पिंक बूथ का गठन किया गया था। हर थाना स्तर पर एक पिंक बूथ चौकी का निर्माण किया गया है। जहां केवल महिला संबंधी अपराध की सुनवाई ही की जाएगी। इसके पीछे कारण है कि महिला पीड़ित महिला पुलिसकर्मियों से अपनी बात बेहतर तरीके से कह सकती हैं। जिससे उनकी शिकायतों का निस्तारण तेजी के साथ किया जा सकता है।

महिला उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं
लगातार घरेलू हिंसा उत्पीड़न आदि मामलों संबंधी शिकायतें आई हैं जिनको तेजी के साथ सुलझाया गया है। आगे भी इस बात का ध्यान रखा जाएगा। साथ ही घरेलू हिंसा करने वालों को किसी सूरत में नहीं बख्शा जाएगा। फिर चाहें वो कोई भी हो।

संस्थाओं की ले रहे मदद
आगे और कैसे महिला संबंधी अपराधों की सुनवाई को बेहतर किया जा सकता है इस दिशा में काम किया जा रहा है। इसके साथ-साथ अन्य सहयोगी संस्थाओं की मदद भी ली जा रही है जिससे अधिक से अधिक संख्या में पीड़ित महिलाएं पिंक बूथ तक पहुंच सके और उनकी शिकायतों का निस्तारण किया जा सके।

Exit mobile version