गाजियाबाद: जालसाज की गिरफ्तारी को झारखंड पुलिस का छापा, ड्रामेबाजी के बाद हत्थे चढ़ा आरोपी

गाजियाबाद। धोखाधड़ी के मामले में फरार चल रहे वारंटी को पकड़ने के लिए झारखंड पुलिस ने यहां दबिश दी। आरोपी ने घर का दरवाजा नहीं खोला तो लोकल पुलिस दीवार फांदकर घर में दाखिल हुई और भीतर से गेट खोला। जबकि बाद में झारखंड पुलिस वांटेड को साथ ले गई। रेड के दौरान इलाके में अफरातफरी का माहौल कायम रहा।

दरअसल गाजियाबाद के शालीमार गार्डन इलाके में रहने वाला शकील आर्थिक अपराधों से जुड़ा हुआ है। झारखंड के रांची में उसके खिलाफ केस दर्ज हुआ था। मामले की जांच सीबीसीआइडी ने की थी। काफी समय से वह पुलिस के हाथ नहीं लग रहा था। एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि झारखंड सीबीसीआईडी शकील नाम के आरोपी का नॉन बेलेबल वारंट लेकर गाजियाबाद आई थी। शकील फ्रॉड के मामले में झारखंड में वांटेड है। आरोपी ने पुलिस टीम को नहीं खोला दरवाजा। उसके बाद पुलिस टीम घर की बाउंड्री वॉल को कूदकर अंदर गयी और मेन गेट खोला। इसके बाद पुलिस अंदर दाखिल हो पाई। इसके बाद फ्रॉड मामले में फरार चल रहे वारंटी आरोपी का गिरफ्तार किया गया।

घंटेभर किया ड्रामा
बताया जाता है कि टीम जब आरोपी के घर के दरवाजे पर पहुंची तो उसने गेट भीतर से बंद कर लिया। लोकल पुलिस भी साथ में थी। काफी कहने के बाद भी आरोपी समेत उसके परिवार वाले गेट नहीं खोल रहे थे। वहीं इलाके में भीड़ भी बढ़ने लगी। कहने को तो पुलिस ने चारों तरफ से उसके घर की घेराबंदी कर ली थी लेकिन फिर भी ज्यादा देर तक ड्रामेबाजी के चलते उसके भागने की अटकलें ज्यादा थीं। क्योंकि इलाके के कुछ लोग भी पुलिस कार्रवाई का अंदरखाने विरोध कर रहे थे।

दीवार फांदकर घुसी पुलिस
अंततः पुलिस आरोपी के घर की दीवार फांदकर भीतर दाखिल हो गई। कुछ पुलिसकर्मियों ने भीतर से बंद गेट खोला तो बाकी का फोर्स भी घर में घुसा और आरोपी को धर दबोचा। जबकि बाद में उसे टीम अपने साथ झारखंड ले गई।

Exit mobile version