गाजियाबाद: साले की पत्नी पर बदनीयती, विरोध पर ससुरालियों को पीटा

गाजियाबाद। युवक ने अपने ससुरालियों को घर में घुसकर पीट दिया। आरोप है कि वो अपने साले की पत्नी पर गलत नीयत रखता है। मामले की जानकारी पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थाना कोतवाली क्षेत्र में रहने वाले एक व्यक्ति ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि उसने अपनी बेटी की शादी करीब 14 वर्ष की थी। उसके मुताबिक दामाद नशे का आदी है और जमकर शराब पीता है। वह अपराधियों के बीच रहकर आपराधिक घटनाएं भी करता है। उस पर पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दामाद उनकी बहू पर गलत नजर रखता है। उसने कई बार उनकी बहू के साथ नाजायज संबंध बनाने की बात कही। जब बहू ने इसका विरोध किया तो अपने तीन अन्य साथियों के साथ घर में घुसकर अवैध हथियारों से पूरे परिवार को धमकाया और मारपीट की। पुलिस को दी शिकायत के मुताबिक दामाद उनके दोनों बेटों पर भी जानलेवा हमला कर चुका है। महिला के विरोध पर उसकी ऑडियो वायरल कर उसको ब्लैकमेल कर रहा है।

घर में करता है विवाद
ससुर ने बताया कि दामाद अपने घर में भी विवाद करता है। बेटी को परेशान करने के नए-नए तरीके खोजता रहता है। बेटी ने भी शिकायत की लेकिन उससे बात करना चाहो तो वह आमादा-फसाद रहता है। इतना ही नहीं घर में घुसने भी नहीं देता। बेटी को अलग परेशान कर रहा है तो ससुरालियों पर अलग से सितम ढहा रहा है। मामले में एसीपी कोतवाली नगर निमेष पाटिल का कहना है कि पीड़िता की शिकायत परआरोपी दामाद और उसके अन्य साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।

Exit mobile version