कर्ज चुकाने के लिए कर दी बीवी की हत्या, पति गिरफ्तार

शाहजहांपुर। युवक ने कर्ज चुकाने के लिए अपनी पत्नी की हत्या कर लाश को सड़क पर फेंक दिया। मामले की जांच में पुलिस ने इस घटनाक्रम की वजह तलाशने के साथ ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पति का कहना है कि पत्नी मायके से पैसे लाकर मुझे नहीं दे रही थी, इसलिए उसका गला घोंट दिया।

दरअसल घटनाक्रम शाहजहांपुर के सिसौआ गांव का है। महिला का नाम रीना था, जबकि उसका पति उमेश है। दोनों की शादी 2 साल पहले हुई थी। दो साल का एक बेटा भी है। 28 नवंबर को रीना का शव रोड़ पर पड़ा मिला था। उसके गले में चोट के निशान थे। रीना की बहन और मां ने उमेश पर ही हत्या का आरोप लगाया था। इसके बाद पुलिस सभी पहलुओं पर मामले की जांच कर रही थी। पुलिस ने शक के आधार पर उमेश को उठाकर थाने ले गई। उससे सख्ती से पूछताछ की तो उसने जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने पुलिस को बताया कि मुझे हैसियत के अनुसार ससुराल वालों ने दहेज नहीं दिया था। नौकरी छोड़कर कारोबार करने के लिए मैंने गांव के आजाद और सपना गुप्ता समेत कई लोगों से 5 लाख रुपए का कर्ज लिया था। समय से पैसा न चुका पाने पर कर्जदार उसको परेशान कर रहे थे।

आए दिन होता था झगड़ा
आरोपी ने कबूला कि मैंने पत्नी से कई बार 5 लाख रुपए मायके से लाने के लिए बोला। मगर, वो हमेशा मना कर देती थी। इसी बात को लेकर आए दिन हम दोनों में झगड़ा होता था। रोज-रोज के झगड़ों से बचने के लिए मैंने पत्नी को मारने का प्लान बना लिया। मैंने सोचा पत्नी की हत्या का आरोप कर्ज देने वालों पर लगा दूंगा। फिर मुझे कर्ज भी नहीं देना पड़ेगा और मेरी पत्नी भी मर जाएगी। 6 दिन से मैं उसको मारने का प्लान बना रहा था। 28 नवंबर को मैंने इन लोगों को अपने घर बुलाया। उनके साथ बैठकर चाय-नाश्ता किया। फिर उनको फंसाने के लिए फोन में रात का टाइम सेट करके उनकी चोरी से फोटो ले ली। इसके बाद जल्दी ही पैसा चुकाने की बात कहकर उनको विदा कर दिया। जबकि बाद में खुद घटना कर डाली।

Exit mobile version