गाजियाबाद: रिश्ते शर्मसार, नाबालिग भतीजी से किया रेप

गाजियाबाद। रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। जहां युवक ने सगी भतीजी के साथ रेप कर दिया। इतना ही नहीं उसके साथ मारपीट भी की गई और किसी को बताने पर मां-बाप की हत्या की धमकी भी दे डाली। पुलिस ने घटना की रिपोर्ट अधिकारियों के निर्देश पर दर्ज कर ली है।

भोजपुर थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाला व्यक्ति खेती किसानी करता है। परिवार में पत्नी के अलावा बेटा व बेटी हैं। घर में ही उनका छोटा भाई भी रहता है। 25 नवंबर की दोपहर उनकी 16 वर्षीय बेटी घर पर अकेली थी। किसान व उसकी पत्नी खेत पर थी। आरोप है कि इसी बीच व्यक्ति का छोटा भाई उनकी बेटी को जबरन ले गया और दुष्कर्म किया। शोर मचाने पर आरोपित ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया। दुष्कर्म के बाद आरोपी ने धमकी देकर उसे चुप कराने की कोशिश की। पीड़िता ने आपबीती अपनी बुआ को बताई लेकिन बुआ ने आरोपित को कुछ कहने की बजाय किशोरी से चुप रहने को कहा। तभी से पीड़िता गुमसुम रहने लगी। उसने खाने से ही परहेज कर दिया। मां को शक हुआ तो उन्होंने सख्ती से पूछा इस पर वह फूट-फूटकर रोने लगी। रोते हुए घटनाक्रम बताया। मामले की जानकारी पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पीड़िता का मेडिकल कराया है।

लगातार जारी थीं हरकतें
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने दुष्कर्म के बाद भी शारीरिक शोषण किया। अकेला पाकर उनसे निजी अंगों से छेड़खानी करता रहा। परिजनों ने अफसरों को बताया कि पूरे गांव में उनकी बदनामी हो गई है। ऐसे में बेटी का भविष्य अंधेरे में है लेकिन पुलिस आरोपी को नहीं पकड़ रही है।

पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी
एसीपी ने उन्हें कार्रवाई का भरोसा दिया। साथ ही पुलिस को जल्द से जल्द गिरफ्तारी का निर्देश भी दिया है। एसीपी का कहना है कि पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है। जल्द उसकी गिरफ्तारी होगी।

Exit mobile version