सिख धर्म भक्ति के गहन ज्ञान से परिपूर्ण: योगी

लखनऊ। आशियाना स्थित गुरुद्वारे में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरु नानक देव के 554वें प्रकाश पर्व पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने कहा सिख धर्म भक्ति के गहन ज्ञान से परिपूर्ण है। गुरु तेग बहादुर, गुरु गोविंद सिंह और उनके 4 साहिबजादों के बलिदान के साथ-साथ हजारों सिखों के देश और धर्म के लिए बलिदान की प्रथा देश को एक नई प्रेरणा देती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एक पक्ष भक्ति के माध्यम से साधना का है तो वहीं दूसरा पक्ष भक्ति के माध्यम से लोक कल्याण और राष्ट्र कल्याण का मार्ग प्रशस्त करता है। भक्ति के माध्यम से गुरु नानक देव जी ने उस कालखंड में बाबर के अत्याचारों के खिलाफ आवाज बुलंद की थी। सीएम योगी ने कहा कि सिख धर्म साधना के गूढ़ रहस्यों से भरा पड़ा है। इस परंपरा ने आगे चलकर गुरु तेग बहादुर, गुरु गोविंद सिंह, उनके चार साहबजादों और हजारों सिखों द्वारा देश और धर्म के लिए बलिदान का भी जिक्र किया। कहा कि उनका बलिदान देश को एक नई शक्ति और प्रेरणा देता है। कार्यक्रम में यूपी सरकार के मंत्री बलदेव सिंह ओलख, लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, अध्यक्ष गुरुद्वारा साहेब प्रबंध कमेटी सरदार जसबीर सिंह चड्ढा, जसजीत सिंह बेदी, जसपाल सिंह दुग्गल, जगजीत सिंह, यूपी अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य परविंदर सिंह मौजूद रहे।

हरियाणा में नाडा साहिब गुरुद्वारे पहुंचे सीएम
पंचकुला। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने गुरु नानक की जयंती के अवसर पर श्री नाडा साहिब गुरुद्वारे पहुंचकर दर्शन किए। उन्होंने कहा गुरु नानक जयंती के अवसर पर पूरे हरियाणा में हर्ष और उल्लास के साथ गुरु पर्व मनाया जा रहा है। इस अवसर पर मैं सभी को बधाई देता हूं।

गुरु नानक देव के बताए रास्ते पर चलने का आह्वान
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा आज प्रकाश पर्व है। गुरु नानक देव की जयंती पर उनके चरणों में बारंबार प्रणाम। उन्होंने जात पात भेदभाव से ऊपर उठकर पूरी दुनिया को शाश्वत शांति का पथ दिखलाया। उन्हीं के बताए हुए रास्ते पर चलकर हम दुनिया का कल्याण कर सकते हैं।

Exit mobile version