कांग्रेस ने राजस्थान को दंगों में झोंक दिया: मोदी

राजस्थान। विधानसभा चुनाव को लेकर सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के पाली में चुनावी जनसभा को संबोधित किया। प्रधानमंत्री के अलावा राजस्थान के अलग-अलग शहरों में बीजेपी के बड़े नेता चुनावी सभाओं को संबोधित कर कांग्रेस पर जमकर हमला बोल रहे हैं। पाली में हुई चुनावी जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा दुर्भाग्य से यहां पिछले 5 साल जो कांग्रेस सरकार रही है, उसने लोगों को विकास में और पीछे धकेल दिया।

पीएम ने कहा कि यहां की कांग्रेस सरकार के लिए भ्रष्टाचार से बड़ा कुछ भी नहीं है। यहां की कांग्रेस सरकार के लिए परिवारवाद ही सब कुछ है। कांग्रेस ने राजस्थान को दंगों में झोंक दिया। ऐसी मानसिकता वाली पार्टी को अच्छे से सबक सीखना जरूरी है। कहा कि कांग्रेस और उसके घमंडिया गठबंधन की ये पहली हरकत नहीं है, सनातन को लेकर इन्होंने क्या-क्या कहा है ये पूरे देश ने देखा है। कांग्रेस और उसके साथी सनातन को खत्म करने का ऐलान कर रहे हैं। सनातन को खत्म करने का मतलब है राजस्थान की संस्कृति को खत्म करना। क्या आप ये करने देंगे। पीएम ने कहा हम सबको पता है कि जालौर जिले के कानिवाड़ा में हनुमान जी के प्राचीन मंदिर में पीढ़ियों से दलित समाज के ही पुजारी हैं और पूजा करते हैं। ऐसी प्रेरणादायी भूमि पर कांग्रेस के संरक्षण में दलितों को निशाना बनाया जा रहा है। कुछ दिन पहले ही बिहार में घमंडिया गठबंधन के एक नेता जो वहां के मुख्यमंत्री हैं। उन्होंने दलित समाज के एक पूर्व मुख्यमंत्री के लिए ऐसी अभद्र भाषा बोली जिसका प्रयोग सामान्य नागरिक बातचीत में भी नहीं करता, लेकिन उन्होंने विधानसभा में ये सब बातें कही। उन्होंने तो पाप किया, लेकिन कांग्रेस के एक भी नेता के मुंह से इसके विरोध में एक भी शब्द नहीं निकला। दलितों के खिलाफ अत्याचार करने वालों को देखकर कांग्रेस आंखों पर पट्टी बांध लेती है। राजस्थान में भी 5 वर्ष तक दलित परिवारों के साथ हुए अत्याचार पर कांग्रेस ने यही किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा जब से महिलाओं को आरक्षण देने वाला कानून नारीशक्ति वंदन अधिनियम पारित हुआ है, तब से इन्होंने महिलाओं के विरुद्ध अभियान छेड़ दिया है। घमंडिया गठबंधन के नेताओं ने बहुत ही आपत्तिजनक टिप्पणियां हमारी माताओं-बहनों के लिए की हैं। बिहार के मुख्यमंत्री ने तो विधानसभा में महिलाओं के प्रति घोर अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया है। लेकिन कांग्रेस के किसी भी नेता ने इस पर कुछ नहीं बोला। यही कांग्रेस का असली चेहरा है, जिसे राजस्थान के लोग पहचान गए हैं। कांग्रेस ने राजस्थान को महिलाओं के खिलाफ अपराध में नंबर 1 बना दिया है।

कांग्रेस की दी समस्याओं का हो रहा समाधान
विधानसभा चुनाव को लेकर जयपुर में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनसभा को संबोधित कर कांग्रेस जमकर कर हमला बोला। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा जिस राजस्थान को भाजपा ने अपने शासन काल में विकास की नई ऊंचाईयों तक पहुंचाने का प्रयास किया था और जिस राजस्थान में 5 वर्ष पहले तक हर गांव, गरीब, किसान और महिला तक विकास पहुंचाने के लिए कार्यक्रम और योजनाएं आगे बढ़ी थीं। आखिर 5 वर्ष में ऐसा क्या हो गया कि वो राजस्थान रोजगार, पर्यटन, विकास और अन्नदाता किसानों की खुशहाली में नंबर 1 पर नहीं है। आज राजस्थान महिला संबंधित अपराध से लेकर साइबर संबंधित अपराध में नंबर 1 पर है। आज भारत के अंदर कांग्रेस द्वारा दी गईं बड़ी-बड़ी समस्याएं थी उसका समाधान हो रहा है।

कांग्रेसियों को गांव में घुसने नहीं दे रहे लोग
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा उन्होंने (कांग्रेस) 3 दिन पहले कहा था कि 156 सीट आएंगी मैंने कहा था अगर इतना आता है तो भी मैं आपका सम्मान करूंगा। आज उन्होंने विज्ञापन डाला है कि कांग्रेस की लहर है। इस लहर की स्थिति ऐसी है कि उनके मुख्यमंत्री की सभा में जनता नहीं आ रही है, कई प्रत्याशियों को गांव में घुसने नहीं दे रहे हैं और अब की स्थिति ये हैं कि वे(कांग्रेस) 5 साल सोते रहे और अब विज्ञापन दे रहे हैं। जो वादे किए थे, वो एक भी पूरे नहीं किए। अब नया झूठ बोलना शुरू कर दिया। जनता को आपके झूठ का पता है। आप किसी भी हालत में 56 सीटें पार नहीं कर सकते हैं।

Exit mobile version