डॉ. पल्लव के घर पहुंचे कवि कुमार विश्वास, मारपीट पर जताया खेद

गाजियाबाद। अंतरराष्ट्रीय कवि कुमार विश्वास और डॉ. पल्लव बाजपेई के बीच पिछले दिनों हुआ विवाद अब सुलटता दिख रहा है। कुमार विश्वास दिवाली के पर्व पर डॉ. पल्लव के घर पहुंचे, यहां उन्होंने डॉ. पल्लव को प्रभु श्रीराम की मूर्ति भेंट कर दिवाली की शुभकामनाएं दी।

डॉक्टर पल्लव का बीते दिनों कुमार विश्वास के सुरक्षाकर्मियों से कार निकालने को लेकर विवाद हो गया था। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट की एफआइआर कराई थी। डॉक्टर पल्लव बाजपेई विजयनगर क्षेत्र के प्रताप विहार में रहते हैं। उन्होंने बताया, कुमार विश्वास रविवार को दिवाली की शुभकामनाएं देने के लिए उनके घर आए थे। वे करीब एक घंटे तक घर पर रुके। हेल्दी माहौल में बातचीत हुई। कुमार विश्वास ने पिछले दिनों हुई घटना पर खेद जताया। काफी देर दोनों ने एक-दूसरे के बारे में मालूमात की। वही इस घटनाक्रम को गलत ठहराया। गलती भले ही किसी की रही हो लेकिन दिवाली वाले दिन दोनों साथ दिखे।

नौ नवंबर को हुआ था विवाद
9 नवंबर को डॉक्टर पल्लव बाजपेई कार से आरोग्य हॉस्पिटल वैशाली से फ्लोरिस हॉस्पिटल प्रताप विहार जा रहे थे। हिंडन पुल पर कवि कुमार विश्वास का काफिला निकल रहा था। काफिले के बीच में डॉक्टर की कार आ गई। इस पर सुरक्षाकर्मियों ने डॉक्टर की पिटाई कर दी। उन्हें कई जगह चोटें आईं। डॉक्टर ने अज्ञात सुरक्षाकर्मियों पर मारपीट, लूटपाट और धमकी देने की एफआईआर कराई। वहीं सीआरपीएफ सुरक्षाकर्मी ने डॉक्टर के खिलाफ मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा डालने का मुकदमा थाना इंदिरापुरम में दर्ज कराया था।

Exit mobile version