युवक की हत्या कर लाश फेंकी, प्रेमिका के पति पर एफआइआर

गाजियाबाद। युवक की हत्या कर लाश खाली प्लाट में फेंक दी गई। परिजनों का आरोप है कि युवक की प्रेमिका के पति ने इस वारदात को अंजाम दिया है। मामले की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। वहीं शव का पोस्टमार्टम भी कराया गया है।

लोनी कोतवाली क्षेत्र के सिखरानी गांव गेट के पास एक खाली प्लॉट में बुधवार सुबह एक युवक का शव पुलिस को मिला। पुलिस ने मृतक की शिनाख्त गौतमबुद्ध नगर निवासी अनिल राठौर (35) के रूप में की है। मृतक के चेहरे पर कई चोट के निशान थे। यह देख पुलिस को अंदेशा है कि रंजिश में झगड़े के बाद युवक की हत्या की गई। अनिल की मां ने प्रेमिका के पति पर हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है।

चार बच्चों की मां संग रहता था
गौतमबुद्धनगर में अनिल राठौर रहता था। वह मोहन नगर स्थित पानी सप्लाई की एक फैक्टरी में काम करता था। पुलिस के मुताबिक अनिल की 2013 में शादी हुई थी। एक साल बाद अनिल पत्नी से अलग रहने लगा। जबकि बाद में उसका गौतमबुद्धनगर निवासी चार बच्चों की मां से संबंध हो गया था। कुछ समय पूर्व अनिल महिला और बच्चों को लेकर गाजियाबाद में किराये पर रहने लगा था। महिला का पति कुछ दिनों पूर्व महिला और बच्चों को अपने साथ ले गया था।

मां को बताया परी चौक पर हूं
अनिल की मां ने बताया कि मंगलवार शाम उन्होंने अनिल को कॉल की तो उसने खुद को परी चौक पर होना बताया। अनिल ने कुछ देर में घर पहुंचने की बात कही। इसके बाद अनिल देर रात तक घर नहीं पहुंचा। बुधवार सुबह उनका शव लोनी की बंथला चौकी क्षेत्र स्थित सिखरानी गेट के करीब 100 मीटर अंदर एक खाली प्लॉट में पड़ा मिला। एसीपी रजनीश कुमार उपाध्याय ने बताया कि घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ में पता लगा कि देर रात कुछ लोग यहां बैठकर शराब पी रहे थे। इस दौरान उनके बीच झगड़ा हुआ था। अंदेशा है कि झगड़े के दौरान हत्यारोपियों ने भारी वस्तु से प्रहार कर अनिल राठौर की हत्या कर दी और फरार हो गए। पुलिस ने अनिल की मां की तहरीर पर सोनू निवासी गौतमबुद्धनगर और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Exit mobile version