यूपी में 10 मुस्लिम परिवार के 70 लोगों ने की हिंदू धर्म में वापसी

मुजफ्फरनगर। उप्र में मुजफ्फरनगर जिले के बघरा स्थित यशवीर आश्रम में 10 परिवारों के लगभग 70 लोगों ने मुस्लिम धर्म छोड़कर हिंदू धर्म अपना लिया। लगभग 10 वर्ष पहले इनका जबरन मतांतरण करा दिया गया था। इन परिवारों के सभी 70 सदस्यों ने अपना नाम भी बदल लिया है।

योग साधना यशवीर आश्रम में महंत स्वामी यशवीर जी महाराज के सानिध्य में आयोजित कार्यक्रम में आचार्य मृगेंद्र ब्रह्मचारी ने वेद मंत्रों के साथ विधि-विधान से हवन-पूजन कराकर 10 परिवारों के इन 70 सदस्यों की शुद्धि की। जाकिर का कहना है कि उनके पूर्वज हिंदू ही थे, लेकिन बाद में किसी वजह से उन्होंने 10 वर्ष पूर्व इस्लाम कबूल कर लिया था। अब वह दोबारा हिन्दू धर्म में वापसी कर रहे हैं। इस धर्म परिवर्तन के तहत, इन परिवारों के सभी 70 सदस्यों ने अपना नाम भी बदल लिया। अब नाहिद को अरविंद कुमार, नाजिया को कविता और गुलशन को अक्षय कुमार के नाम से जाना जाता है।

आचार्य मृगेंद्र ब्रह्मचारी महाराज जी ने बताया कि सुबह में इन्होंने आश्रम में आकर यह आग्रह किया कि हम 10 वर्ष पहले मुसलमान बन गए थे एवं हम जोगी बिरादरी से हैं जिनको उपाध्याय भी कहते हैं और अब पुनः सनातन धर्म में घर वापसी करना चाहते हैं। उनके आग्रह पर शुद्धि यज्ञ की व्यवस्था की गई, हवन किया एवं सनातन धर्म में दीक्षित किया और इन्होंने आज सनातन धर्म में घर वापसी कर ली।

उन्होंने बताया कि अब तक 1,100 मुस्लिम लोगों ने दोबारा हिन्दू धर्म में वापसी की है। प्रदेश में पूर्व की सरकारों के कार्यकाल में हिंदुओं का उत्पीड़न कर उन्हें डराकर मुस्लिम बनाया जाता था, लेकिन अब प्रदेश में दूसरी बार योगी आदित्यनाथ जी की सरकार बनने और माहौल ठीक होने पर पहले धर्म छोड़ गए लोग पुन: हिंदू धर्म में वापसी कर रहे हैं। जो धर्म बदल कर चले गए थे अब उनका स्वाभिमान जाग रहा है और वह वापसी कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर के निवासी इन 10 परिवारों के 70 सदस्यों ने बघरा में यशवीर आश्रम में आकर अपने धर्म में पुन: वापसी की है। इन सभी लोगों और बच्चों को गंगाजल से आचमन कराकर जनेऊ धारण कराया। इसके बाद लाल धागे में ओम की माला उनके गले में डाली गई। मुख्यत: वेद मंत्रों और गायत्री मंत्र से हवन कराया गया।

Exit mobile version