अनंतनाग में सैनिक का शव मिला, 6 दिन से था लापता

अनंतनाग। दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग में गंडूल के जंगल में बीते दिनों से लगातार ऑपरेशन चल रहा था। इस बीच सर्च ऑपरेशन के दौरान भारतीय सेना के जवान प्रदीप सिंह का शव बरामद कर लिया गया है। प्रदीप सिंह 13 सितंबर से लापता थे। भारतीय सेना के अधिकारियों ने बताया कि 18 सितंबर को शाम 5 बजे प्रदीप सिंह का शव बरामद किया गया है।

प्रदीप कुमार का शव कमांडोज के सर्च ऑपरेशन के दौरान मिला है। वह उस दिन लापता हो गए थे, जिस दिन कर्नल मनप्रीत सिंह और मेजर आशीष ढोंचक, जम्मू-कश्मीर पुलिस के डीएसपी हुमायूं भट और जिले के कोकरनाग इलाके में गडूल गांव के पास एक अन्य जवान शहीद हुए थे। भारी बारिश के बीच आतंकवादियों के खिलाफ अभियान सातवें दिन में प्रवेश कर गया है। सोमवार को सुरक्षा दलों ने आतंकवादियों के खिलाफ अपने हमले को और तेज कर दिया है। घने जंगलों, पहाड़ी गुफाओं और अन्य प्राकृतिक ठिकानों में छिपे आतंकियों की संख्या 3 से 4 बताई जा रही है।

घेराबंदी हुई कड़ी
सुरक्षाबलों बलों ने पड़ोसी गांवों में अपने अभियान का विस्तार किया और जंगल की ओर मोर्टार के गोले दागे। निगरानी के लिए ड्रोन और हेलीकॉप्टर तैनात किए गए थे। भागने के सभी रास्तों को बंद करने के लिए जंगलों के चारों ओर कड़ी घेराबंदी की गई थी। सुरक्षा बलों ने रविवार को एक गुफा के पास एक आतंकवादी का जला हुआ शव मिलने का दावा किया। मारे गए व्यक्ति की पहचान की पुष्टि होनी बाकी है। वहीं उजैर खान के परिवार डीएनए सैंपल लिए गए हैं। माना जा रहा है कि जली हुई मिली लाश के साथ इसे मैच किया जाएगा।

रिपोर्ट के अनुसार कश्मीर घाटी में तकरीबन 81 आतंकी सक्रिय हैं। इसमे तकरीबन 48 पाकिस्तानी और 33 स्थानीय आतंकी शामिल हैं। दक्षिण कश्मीर में 56 आतंकी सक्रिय हैं जिसमे से 28 पाकिस्तानी है। वहीं उत्तरी कश्मीर की बात करें तो यहां परत तकरीबन 16 आतंकी सक्रिय हैं जिसमे से 13 पाकिस्तानी हैं। मध्य कश्मीर में 9 आतंकी सक्रिय हैं जिसमे से 7 पाकिस्तानी हैं।

Exit mobile version