Lok Sabha Election 2024: कर्नाटक में बीजेपी को मिला साथी, जेडीएस के साथ लड़ेगी चुनाव

बेंगलूर। अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर बीजेपी अपना कुनबा लगातार बढ़ा रही है। इसके लिए भारतीय जनता पार्टी और जनता दल (सेक्युलर) 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए कर्नाटक में गठबंधन बनाने पर सहमत हो गए हैं। हाल ही में जेडीएस प्रमुख और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा ने भारतीय जनता पार्टी के शीर्ष नेताओं से मुलाकात की थी।

पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा संसदीय चुनाव के लिए जद (एस) के साथ चार सीटों पर समझौता करेगी। येदियुरप्पा ने कहा कि समझौता चार सीटों के लिए हुआ है और अमित शाह जद (एस) को चार लोकसभा सीटें देने पर सहमत हुए हैं। बीएस येदियुरप्पा ने कहा कि, एचडी देवगौड़ा ने इस सप्ताह दिल्ली की यात्रा की और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। एचडी देवेगौड़ा ने गठबंधन की संरचना पर चर्चा करने के लिए भाजपा प्रमुख जेपी नड्डा से भी मुलाकात की थी।

जेडीएस ने शुरुआत में आठ सीटों की मांग की थी और बीजेपी ने केवल तीन सीटों की पेशकश की थी। लेकिन आखिरकर चार सीटें साझा करने पर सहमति बनी है। उन्होंने कहा, “इससे हमें बड़ी ताकत मिली है और इससे हमें एक साथ 25 या 26 लोकसभा सीटें जीतने में मदद मिलेगी।”

इन 4 सीटों पर हुआ करार
सूत्रों के मुताबिक जेडीएस हासन (Hassan) , मांड्या ( Mandya) , बेंगलुरु ग्रामीण (Bengaluru Rural), चिक्काबल्लापुरा (Chikkaballapura) और तुमकुरु (Tumakuru) सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती थी। लेकिन भाजपा चिक्काबल्लापुरा सीट को छोड़ना नहीं चाह रही है। जिस पर फिलहाल उनका कब्जा है। जिसके बाद भाजपा चार सीटों कोलार, हासन, मांड्या और बेंगलुरु ग्रामीण पर चुनाव लड़ने पर सहमत हुई है।

कर्नाटक की सीटों का गणित
कर्नाटक में लोकसभा सीटों की संख्या 28 है। साल 2019 में हुए चुनाव में भाजपा के खाते में 25 सीटें आई थीं। जबकि, कांग्रेस और जेडीएस को एक-एक सीट मिली थी। उस दौरान भाजपा समर्थित एक उम्मीदवार की भी जीत हुई थी। हालांकि, 2023 में हुए कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भाजपा को कांग्रेस के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।

Exit mobile version