चंद्रयान-3 की लैंडिंग प्वाइंट का ‘शिवशक्ति’ नामकरण पर भड़की सपा-कांग्रेस

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री मोदी ने आज ग्रीस दौरे से लौटने के बाद बेंगलुरु में इसरो के वैज्ञानिकों से मुलाकात कर उन्हें बधाई दी। इस दौरान वैज्ञानिकों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कुछ अहम ऐलान भी किए। पीएम ने कहा कि चांद की जिस सतह पर चंद्रयान 3 की विक्रम लैंडर उतरा है, उसका नाम अब शिव शक्ति होगा। पीएम मोदी के इसी ऐलान से कांग्रेस और सपा भड़क गई है।

एक टीवी चैनल से बातचीत के दौरान कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने कहा कि ये हास्यास्पद है। प्रधानमंत्री मोदी को किसने ये हक दिया कि वो चांद पर जगह का नाम रखें। हमें गर्व है कि भारत ने चांद पर सफल लैंडिंग की। लेकिन पीएम मोदी ने लैंडिंग प्वाइंट का नाम ‘शिवशक्ति’ कैसे रखा, वह चांद के मालिक नहीं हैं। इस बीच जब अल्वी से पूछा गया कि 2008 में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में चंद्रयान-1 के प्रोब को चांद पर गिराया गया था, जब कांग्रेस सरकार ने उस जगह का नामकरण देश के पहले पीएम और जवाहर लाल नेहरू के नाम पर क्यों रखा?

इसके जवाब में अल्वी ने सफाई दी कि नेहरू जी ने विक्रम साराभाई के साथ मिलकर इसरो की स्थापना की थी। नेहरू की तुलना किसी और नाम से नहीं की जा सकती। अल्वी ने पीएम मोदी पर इस मामले में राजनीति करने का भी आरोप लगाया।

वहीं समाजवादी पार्टी के नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने चंद्रयान 3 के मूनलैंडर के लैंडिंग स्पॉट को ‘शिवशक्ति’ नाम देने पर आपत्ति जताते हुए कहा है कि यह एक दकियानूसी और वैज्ञानिकों का अपमान का करने वाला कदम है। उन्होंने कहा कि अगर नाम रखना ही था तो इसरो के वैज्ञानिकों के नाम पर रखते जिन्होंने विज्ञान के क्षेत्र में इतना बड़ा योगदान दिया है। चंद्रयान 3 के प्रोजेक्ट डायरेक्टर के नाम पर लैंडिंग स्पॉट का नाम रखा जा सकता था। सरकार का यह कदम वैज्ञानिकों का अपमान है।

बता दें कि बेंगलुरू के ISRO कमांड सेंटर में पीएम मोदी ने वैज्ञानिकों से मुलाकात की। इसरो में वैज्ञानिकों को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने बड़ा ऐलान किया है। पीएम मोदी ने चंद्रमा पर चंद्रयान-3 की सफल लैंडिंग के लिए ISRO टीम के वैज्ञानिकों को बधाई दी। इस दौरान उन्होंने तीन बड़े ऐलान भी किए। जहां चंद्रयान-3 उतरा वो ‘शिव शक्ति’ प्वाइंट और जहां चंद्रयान-2 उतरा वो ‘तिरंगा’ प्वाइंट कहलाए वहीं हर साल 23 अगस्त को नेशनल स्पेस डे के रूप में मनाने की घोषणा की है।

Exit mobile version