विदेश में फंसे लोगों को वापस लाएंगे, जनता दर्शन में सीएम योगी ने परिजनों को दिया आश्वासन

सीएम योगी

गोरखपुर। सीएम योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में रविवार को जनता दर्शन में फरियादियों की समस्याओं को सुना। इस दौरान करीब 300 लोगों से मुलाकात कर सीएम ने सबको आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं का निस्तारण कराना उनकी प्रतिबद्धता है। कुछ महिलाओं ने अपने परिजनों के विदेश में फंसे होने की जानकारी देकर वतन वापसी की गुहार लगाई। सीएम ने अधिकारियों से दूतावास से संपर्क कर लोगों की हर संभव मदद करने का निर्देश दिया।

गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 300 लोगों की समस्याएं सुनी। इस दौरान देवरिया और कुशीनगर की कुछ महिलाओं ने अपने परिजनों के थाईलैंड, ओमान देशों में फंसे होने की जानकारी देकर उनकी वतन वापसी की गुहार लगाई। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया कि चिंता मत करें, सबकी मदद की जाएगी। विदेशों में फंसे लोगों को वापस लाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर पीड़ित की समस्या का समाधान कराने के लिए दृढ़ संकल्पित है। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत भी दी कि हर पीड़ित के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाते हुए उसकी मदद की जाए। जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले और कमजोरों को उजाड़ने वाले किसी भी सूरत में बख्शे न जाएं। यह भी सुनिश्चित करें कि दबंग, माफिया, अपराधी किसी की जमीन पर कब्जा न करने पाएं। उनके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करें।

मुख्यमंत्री के समक्ष कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे। योगी ने उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार इलाज के लिए भरपूर मदद करेगी। उनके प्रार्थना पत्रों को अधिकारियों को हस्तगत करते हुए निर्देश दिया कि इलाज से जुड़ी इस्टीमेट की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराकर शासन को उपलब्ध कराएं।

स दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने हर घर तिरंगा अभियान की भी शुरुआत की। उन्होंने गोरखपुर स्थित अपने आवास पर तिरंगा फहराया और लोगों से इस अभियान में हिस्सा लेने को कहा। सीएम ने कहा कि राष्ट्र के गौरव और सम्मान के इस अभियान में लोगों को आगे आकर भाग लेना चाहिए।

Exit mobile version