‘आप हमें जो चाहें बुलाएं, लेकिन हम INDIA हैं’, PM मोदी के बयान पर राहुल गांधी का पलटवार

File Photo

नई दिल्ली। पीएम मोदी ने विपक्षी दलों के गठबंधन का INDIA नाम रखने पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि ईस्ट इंडिया कंपनी में भी इंडिया है और इंडियन मुजाहिद्दीन में भी इंडियन है। सिर्फ नाम रख लेने से क्या होता है। वहीं, अब राहुल गांधी ने पीएम मोदी के बयान पर पलटवार किया है।

राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा कि आप हमें जो चाहें बुलाएं, पीएम मोदी, लेकिन हम INDIA हैं। हम मणिपुर को ठीक करने और हर महिला और बच्चे के आंसू पोंछने में मदद करेंगे। हम मणिपुर में भारत के विचार का पुनर्निर्माण करेंगे। हम वहां के सभी लोगों के लिए प्यार और शांति वापस लाएंगे।

पीएम मोदी ने क्या कहा?
पीएम मोदी ने विपक्षी दलों के INDIA गठबंधन पर निशाना साधा था। उन्होंने बीजेपी संसदीय दल की बैठक में कहा कि INDIA गठबंधन देश में अब तक का सबसे दिशाहीन गठबंधन है। उन्होंने ईस्ट इंडिया कंपनी और इंडियन मुजाहिदीन जैसे नामों का हवाला देते हुए कहा कि केवल देश के नाम के इस्तेमाल से लोगों को गुमराह नहीं किया जा सकता है।

लोग हथकंडों से नहीं होंगे गुमराह
संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि विपक्ष का आचरण ऐसा रहा है मानो उसने लंबे समय तक विपक्ष में रहने का फैसला कर लिया हो। भारतीय जनता पार्टी नेता रमेश बिधूड़ी ने भी पीएम का बयान दोहराया। उन्होंने कहा कि देश को बांटने की योजना रखने वालों के पास भी ईस्ट इंडिया कंपनी और इंडियन मुजाहिदीन जैसे नाम थे, लेकिन लोग इन हथकंडों से गुमराह नहीं होंगे।

‘चेहरे कुछ और सच्चाई कुछ और’
बैठक के बाद मीडिया से बात करते हुए भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि हमें अपने पीएम पर गर्व है। हम 2024 में सत्ता में वापस आ रहे हैं। प्रधानमंत्री ने बताया कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, ईस्ट इंडिया कंपनी की स्थापना विदेशी नागरिकों ने की थी। आज लोग इंडियन मुजाहिदीन और पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया जैसे नामों का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन ये चेहरे कुछ दिखाते हैं और सच्चाई कुछ और है।

Exit mobile version