सपा को बड़ा झटका, शालिनी यादव भाजपा में शामिल, पीएम मोदी के खिलाफ लड़ी थीं चुनाव

वाराणसी। यूपी के वाराणसी से पीएम मोदी के खिलाफ चुनाव लड़ने वाली शालिनी यादव समाजवादी पार्टी छोड़कर अब भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। सोमवार को उन्होंने बीजेपी की प्राथमिक सदस्यता ले ली। शालिनी के अलावा सपा सरकार में मंत्री रहे साहब सिंह सैनी भी बीजेपी में शामिल हो गए।

दिग्गज कांग्रेसी नेता व केंद्रीय मंत्री रहे श्याम लाल यादव की पुत्र वधु शालिनी यादव 2019 में कांग्रेस से सपा में शामिल हुई थीं। शालिनी 2017 में वाराणसी से मेयर का चुनाव लड़ चुकी हैं। निकाय चुनाव में महापौर प्रत्याशी के तौर पर उन्हें 113345 वोट मिले थे। वह दूसरे नंबर पर रही थीं। लोकसभा चुनाव 2019 में सपा गठबंधन ने शालिनी यादव को वाराणसी सीट से पीएम मोदी के खिलाफ उतारा था। वो करीब दो लाख मत पाकर दूसरे स्थान पर रहीं।

गाजीपुर की रहने वाली शालिनी यादव की शादी स्व. श्यामलाल यादव के छोटे सुपुत्र अरुण यादव से हुई है। शालिनी यादव पेशे से फैशन डिजाइनर हैं। जानकारी के मुताबिक उन्होंने बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (बीएचयू) से अंग्रेजी में ग्रैजुएट हैं। उनके पास दिल्ली से फैशन डिजाइनिंग में भी डिग्री है। शालिनी यादव के ससुर श्याम लाल यादव कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे हैं। श्याम लाल यादव का कांग्रेस में ही नहीं बल्कि गांधी परिवार से सीधे संबंध थे। 1984 में वाराणसी लोकसभा सीट से सांसद चुए गए थे। इसके बाद राज्यसभा के सदस्य बने और 1988 में राजीव गांधी सरकार में केंद्रीय बने। श्याम लाल यादव राज्यसभा के डिप्टी चैयरमैन भी बने थे।

बीजेपी में शामिल होने के बाद शालिनी यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी में मेहनती कार्यकर्ताओं की बात नहीं सुनी जा रही थी। यही एक मात्र कारण है कि सपा को यूपी विधानसभा चुनाव 2022 में हार का सामना करना पड़ा। वहीं शालिनी यादव के बीजेपी में शामिल होने पर अखिलेश यादव ने तंज कसा है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग चले गए 2000 के नोट की तरह।

वहीं भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय में आज समाजवादी पार्टी सरकार में मंत्री रहे साहब सिंह सैनी ने बीजेपी का दामन थाम लिया। उनके अलावा कुछ और पूर्व विधायकों ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। 2022 विधानसभा चुनाव में खतौली सीट से रालोद के प्रत्याशी रहे राजपाल सैनी, सपा की पूर्व विधायक सुषमा पटेल, पूर्व मंत्री जगदीश सोनकर सहित करीब एक दर्जन लोगों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने विपक्षी दलों के नेताओं को पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई।

बसपा के नेता भी हुए शामिल
आगरा में दक्षिण विधानसभा से बसपा की टिकट पर चुनाव लड़ने वाले रवि भारद्वाज और बसपा से खेरागढ़ से चुनाव लड़ने वाले गंगाधर कुशवाहा ने भी लखनऊ में भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली है। इस खबर के मिलते ही बसपा के खेमे में हलचल मच गई है।

Exit mobile version