नशे के लिए मां को चाकू से गोदा, सिलेंडर में लगाई आग, बहन की मौत

लखनऊ। यूपी की राजधानी लखनऊ में शराब के लिए पैसे न मिलने से नाराज बेटे ने गुरुवार देर रात वृद्ध मां को पहले चाकू मारा। बीच-बचाव करने पहुंची बहन को गैस सिलेंडर का पाइप निकालकर आग लगा दी जिससे उसकी मौत हो गई। जान बचाने के लिए मां पहली मंजिल से कूद गई जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस पर भी युवक ने घर की छत से पथराव किया। देर रात डेढ़ बजे युवक ने दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। वह नीचे टीन शेड पर गिरा और घायल हो गया। पुलिस ने उसे पकड़कर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया।

कैंट कोतवाली में मटरू मोहाल निवासी गुड्डू ने बताया कि उनका बेटा सलमान गांजा और नशे का आदी है। वह आए दिन घरवालों के साथ मारपीट करता रहता है। गुरुवार की सुबह सलमान ने अपने हाथ की नस काट ली थी, इलाज कराकर आया था। गुड्डू के मुताबिक करीब दस बजे उसने मां मेहरुन्निशां से मारपीटकर चाकू से उस पर कई वार किए। रूबी के रोकने पर सलमान गैस सिलेंडर में आग लगा कर घर की छत पर चला गया। इसी बीच सिलेंडर में धमाका होने से रूबी बुरी तरह से झुलस गई।

बेटी को आंखों के सामने जलते देख मेहरुन्निशां और गुड्डू ने मदद के लिए शोर मचाया। मदद पहुंचने से पहले ही पूरा घर आग की चपेट में आ गया। जान बचाने के लिए गुड्डू सीढ़ी के रास्ते भाग निकले। वहीं, मेहरुन्निशां ने पहली मंजिल से छलांग लगा दी।

सूचना मिलने पर कैंट पुलिस और दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे। वहीं सलामान छत पर चढ़ गया और वहां से कूदने की धमकी देने लगा। हजरतगंज और आलमबाग फायर स्टेशन के पुलिस कर्मी पहुंचे। उन्होंने आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। सलमान इस पर आगबबूला हो गया। दमकल कर्मी पड़ोसी के घर से पीछे की दीवार तोड़कर अंदर घुसे। बेटी को रेस्क्यू कर ले आए। घायल मेहरुन्निशां और बेटी को सिविल ले जाया गया जहां, डाक्टरों ने रूबी को मृत घोषित कर दिया। पत्नी की हालत नाजुक देख उन्हें भर्ती कर लिया।

पुलिस और दमकल कर्मियों ने छत पर चढ़कर सलमान को नीचे उतारने का प्रयास किया तो वह कूदने की धमकी देने लगा। इस पर पुलिस कर्मी नीचे आ गए। सलमान ने उन्हें धमकाया और सिगरेट मंगाई। इसके बाद छत पर खड़े होकर सिगरेट पीने लगा। छत से पथराव भी किया। छोटे भाई शहनवाज ने भी सलमान को समझाने का प्रयास किया। लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ।

Exit mobile version