2024 चुनाव से पहले बीजेपी ने 4 प्रदेश अध्यक्ष बदले, सुनील जाखड़ को मिली पंजाब की कमान

नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव 2024 से पहले भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने प्रदेश संगठन में बड़े बदलाव किए हैं। इसमें बीजेपी ने चार राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष बदल दिए हैं। इनमें आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, झारखंड और पंजाब शामिल हैं।

बीजेपी ने आंध्र प्रदेश में डी पुरंदेश्वरी, झारखंड में पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी, पंजाब में सुनील जाखड़ और तेलंगाना में जी किशन रेड्डी को प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। इसके अतिरिक्त राजेंद्र एटीला को चुनाव प्रबंधन संमिति का अध्यक्ष बनाया गया है।

कभी पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष रहे थे सुनील जाखड़
सुनील जाखड़ को अश्विनी शर्मा की जगह लाया गया है। सुनील जाखड़ 2017 से 2021 तक कांग्रेस के पंजाब प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। पिछले साल मई में उन्होंने भाजपा जॉइन की थी।2002-2017 तक जाखड़ अबोहर विधानसभा सीट से लगातार तीन बार विधायक भी रह चुके हैं। 2012-2017 तक पंजाब विधानसभा में विपक्ष के नेता भी रहे हैं। फिल्म अभिनेता विनोद खन्ना के निधन के बाद गुरदासपुर लोकसभा सीट से सुनील जाखड़ ने जीत दर्ज की थी। सुनील जाखड़ के पिता डॉ. बलराम जाखड़ कांग्रेस के वरिष्ठ नेता थे। वह 10 साल तक लोकसभा अध्यक्ष और मध्य प्रदेश के राज्यपाल भी रहे।

सात जुलाई को है बैठक
बीजेपी कुछ और राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष बदल सकती है। ऐसे में जिन राज्यों में बदलाव की चर्चा थी। वहां के बारे में 7 जुलाई की बैठक के बाद फैसला हो सकता है। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्‌डा की अध्यक्ष में 7 जुलाई को उत्तरी क्षेत्र के राज्यों की बैठक होनी है। इस बैठक में बी एल संतोष भी मौजूद रहेंगे। उत्तरी क्षेत्र के 13 राज्यों के नेताओं की बैठक बुलाई गई है। इसमें उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गुजरात और दमन दीव-दादर नगर हवेली के नेताओं को बुलाया गया है। इस बैठक में गुजरात से मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और प्रदेश प्रमुख सीआर पाटिल जाएंगे। इस बैठक में बीजेपी अहम और वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। गुजरात में भी लंबे समय से बदलाव की अटकलें लग रही हैं।

Exit mobile version