बाबरी के फैसले से थे नाराज, भारत को बनाना था इस्लामिक देश, ATS ने 2 आतंकियों को दबोचा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश एटीएस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। एटीएस ने अलकायदा, हिजबुल मुजाहिदीन और अंसार गजवा तुल हिंद से जुड़े दो आतंकियों को गिरफ्तार किया है। इन दोनों आतंकियों का लक्ष्य भारत में जिहाद फैलाकर देश को इस्लामिक राष्ट्र घोषित करना था।

उप्र आतंकवाद निरोधक दस्ते को सूचना मिली कि गोंडा के पठानपुरवा का रहने वाला सद्दाम शेख (38) बंगलुरू में किसी एनटीसी नाम की कंपनी में चालक है। वह आतंकी संगठनों से जुड़ा है और देश विरोधी मंसूबे बनाकर कोई बड़ी घटना करने के चक्कर में है। इसी तरह से कश्मीर निवासी रिजवान खान (23) के बारे में भी सूचना मिली कि वह यूपी में रहकर आतंकी संगठनों से जुड़कर देश विरोधी गतिविधियों में लिप्त है। वह सोशल मीडिया पर आतंकी प्रोपेगेंडा फैला रहा है तथा आतंकियों की फोटो लगाकर अन्य लोगों को भी अपने साथ जोड़ने का काम कर रहा है। कुछ समय पहले तक वह उन्नाव की मीट फैक्टरी इंडार्गो फूड प्राइवेट लिमिटेड में सुरक्षा गार्ड का काम कर रहा था। इस समय वह बिहार में मरहबा फ्रोजेन फूड प्राइवेट लि. में सुरक्षा गार्ड का काम कर रहा है।

सद्दाम सोशल मीडिया पर ओसामा बिन लादेन, जाकिर मूसा, रियाज नायकू, नावेद जट्ट, समीर टाइगर जैसे आतंकियों की फोटो और वीडियो शेयर कर हिमायती के तौर पर सक्रिय था। आरोपी सोशल मीडिया पर कट्टरपंथी पोस्ट करके आतंकी संगठनों से हथियारों की ट्रेनिंग लेना चाहता था। सद्दाम ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा था, ”संविधान में परिवर्तन होने पर मुसलमानों को जागना होगा। जिहाद मेरे खून में है। कुर्बानी से नहीं डरेंगे। चुनी हुई सरकार मुसलमानों पर ज्यादती करती है। बाबरी मस्जिद के फैसले से नाराज हूं, बदले की चाहत है। ओसामा बिन लादेन और बुरहान वानी मेरे आदर्श हैं।”

एंटी टेरर स्क्वॉयड की पड़ताल में पता चला है कि सद्दाम भारत के राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे से अशोक चक्र हटाकर इस्लाम का प्रतीक चिन्ह लगाना चाहता था। सद्दाम की आपत्तिजनक पोस्ट के चलते ही 3 बार फेसबुक ने उसका अकाउंट बंद किया था। रिजवान भी सेल्फ रेडिकलाइज होकर खतरनाक मंसूबों के साथ सोशल मीडिया पर सक्रिय था। आरोपी ने भी AK-47, जेहाद, शरिया लागू करने से जुड़ी कई पोस्ट सोशल मीडिया पर डाली थीं। आरोपी रिजवान, जाकिर मूसा के संगठन अंसार ग़ज़वत-उल-हिंद की शपथ लेकर उसकी तंजीम यानी संगठन में शामिल हो चुका था। रिजवान भी बुरहान वानी और जाकिर मूसा जैसा बनना चाहता था।

जिहाद की राह में फिदा होने की चाहत
रिजवान ने अपनी एक पोस्ट में लिखा, ”जिहाद की राह में फिदा होने के लिए अपनी बारी का इंतजार है।” साथ ही रिजवान ने अपनी दूसरी पोस्ट में भारत विरोधी गाना भी शेयर किया। इस गाने की पंक्तियां हैं- ”हिंदी फौजियों सुन लो पाकिस्तान हैं हम…”

पत्नी ने कहा: ‘दी जाए सजा’
वहीं गोंडा जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पठान पुरवा में सद्दाम शेख के तीन बच्चे और पत्नी रूबीना रहती हैं। शनिवार की रात को सादी वर्दी में कुछ पुलिस वाले यहां भी पूछताछ करने पहुंचे थे तो सद्दाम की पत्नी रूबीना ने बताया कि सद्दाम 9 महीने से घर नहीं आया है। उन्होंने कहा कि ‘हमें नहीं पता कि वो क्या कुछ ऐसा करते थे, जिसकी वजह से पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।’ साथ ही उन्होंने कहा कि अगर वह देश विरोधी गतिविधियों में शामिल है तो उन्हें जरूर सजा दी जाए।

Exit mobile version