‘भाजपा ने धर्म को व्यापार बना लिया है…’, काशी विश्वनाथ मंदिर में बढ़े टिकट शुल्क पर अखिलेश यादव भड़के

वाराणसी। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में स्थित बाबा विश्वनाथ मंदिर में दर्शन और आरती का रेट बढ़ा दिया गया है। इस मामले पर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि भाजपा ने धर्म को ही व्यापार बना लिया है।

अखिलेश यादव ने ट्वीट कर लिखा कि भाजपा सरकार से आग्रह है कि ‘बाबा विश्वनाथ जी’ के दर्शन पर शुल्क लगाकर ग़रीबों, सच्चे भक्तों व आम जनता से ‘दर्शन का अधिकार’ न छीने।भाजपा ने धर्म को व्यापार बना लिया है। निंदनीय!

व्यापारी संगठन ने भी जताई नाराजगी
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष राकेश जैन ने भी काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन के लिए बढ़ाए गए शुल्क पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि काशी विश्वनाथ धाम आस्था का प्रतीक है। शुल्क वृद्धि का व्यापार मंडल पुरजोर विरोध करेगा।

वहीं स्वामी जितेंद्रानंद ने कहा कि काशी विश्वनाथ मंदिर में विशेष पर्वों पर श्रद्धालुओं का दबाव ज्यादा होता है। मंदिर न्यास ने जो शुल्क बढ़ाया है वह आम जनता के ऊपर कोई नया शुल्क नहीं है। यह पहले से लिया जाता था और स्वीकार्य था। सावन में भीड़ बढ़ेगी, कर्मचारी भी बढ़ेंगे और व्यवस्थाएं भी बढ़ानी होंगी। ऐसे में शुल्क बढ़ोतरी के विरोध का कोई सैद्धांतिक आधार नहीं है। यह विरोध तर्कसंगत नहीं है। आपकी मर्जी है और आप सुविधा लेना चाहते हैं तो शुल्क दीजिए। किसी के साथ कोई जबरदस्ती नहीं है।

इतना बढ़ा है शुल्क
मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि सावन में सुगम दर्शन के लिए श्रद्धालुओं को 500 रुपये, मंगला आरती के लिए एक हजार, मध्याह्न भोग आरती के लिए 500 रुपये, सप्तर्षि आरती के लिए 500, भोग आरती के लिए 500 रुपये देने होंगे। शास्त्री से रुद्राभिषेक कराने के लिए 700, पांच शास्त्री से रुद्राभिषेक के लिए 2100 रुपये, संन्यासी भोग के लिए 4500 रुपये शुल्क निर्धारित किए गए हैं। सावन के सोमवार पर सुगम दर्शन के लिए 750 रुपये, मंगला आरती के लिए 2000 रुपये, पांच शास्त्री से रुद्राभिषेक के लिए 3000 रुपये, संन्यासी भोग के लिए 7500 रुपये और शृंगार के लिए 20 हजार रुपये शुल्क देने होंगे।

Exit mobile version