शादी के बाद दूल्‍हा-दुल्‍हन समेत 6 की गड़ासे से काटकर हत्‍या, खुद को भी गोली से उड़ाया

मैनपुरी। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में दिल को दहला देने वाली घटना हुई। यहां घर में सो रहे 6 लोगों की बेरहमी से हत्या करने का मामला सामने आया है। हत्या के बाद आरोपी ने खुद भी आत्महत्या कर ली।

किशनी थाना इलाके का गांव गोकुलपुरा अरसारा निवासी सुभाष चंद्र यादव के तीन पुत्र शिववीर, सोनू और भुल्लन हैं। शुक्रवार को मझले पुत्र सोनू (20) की बरात इटावा के थाना चौबिया क्षेत्र के गांव गंगापुर से लौट कर आई थी। घर में नई बहू सोनी (20) के आने से खुशियों का माहौल था। शुक्रवार की देर रात एक बजे तक सभी लोग डीजे बजा कर नाच गा रहे थे। रात में ही सबके सोने के बाद शिववीर सिंह ने अपने दोनों भाई, बहनोई, भाई की नवविवाहित पत्नी और दोस्त की बंके से काटकर हत्या कर दी है। इस हमले में पिता सुभाष, आरोपी की पत्नी और मामी गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोपी ने खुद भी गोली मारकर खुदकुशी कर ली है। तीनों घायल लोगों को अस्पताल भेजा गया। जहां उपचार के दौरान आरोपी की पत्नी डौली की भी मौत हो गई।

पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। हत्याकांड को क्यों अंजाम दिया गया इसकी वजह अभी पता नहीं लग सकी है। पुलिस कारण जानने का प्रयास कर रही है।

Exit mobile version