अहमदनगर का नाम बदलकर अहिल्या नगर किया जाएगा, सीएम शिंदे का ऐलान

एकनाथ शिंदे

मुंबई। पश्चिमी महाराष्ट्र के शहर अहमदनगर का नाम बदलकर अहिल्या नगर किया जाएगा। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार को अहमदनगर में इसकी घोषणा की।

प्रदेश सरकार द्वारा महाराष्ट्र के औरंगाबाद और उस्मानाबाद का नाम क्रमशः छत्रपति संभाजी नगर और धाराशिव करने की मंजूरी देने के कुछ दिनों बाद से ही अहमदनगर का नाम बदलकर अहिल्या नगर करने की मांग चल रही थी। महाराष्ट्र के शिक्षा मंत्री दीपक केसरकर ने दिसंबर 2022 में राज्य विधान परिषद को बताया था कि उन्होंने 18वीं सदी की मालवा रानी अहिल्याबाई होल्कर के नाम पर पश्चिमी महाराष्ट्र के जिले अहमदनगर का नाम बदलकर पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी नगर करने के लिए जिला प्रशासन से एक प्रस्ताव मांगा है।

बता दें कि अहमदनगर अहिल्या देवी होल्कर की जन्मभूमि है, इसलिए इसका नाम अहिल्या नगर करने की मांग उठ रही थी। जिले की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, यह 240 ईसा पूर्व से शुरू होने वाले कुछ प्रमुख साम्राज्यों का हिस्सा रहा है। अहमदनगर को एक समय निजामशाही के नाम से भी जाना जाता था। 1486 में मलिक अहमद निजाम शाह बहमनी सल्तनत के प्रधानमंत्री बने और 1494 में उसने एक शहर की नींव रखी जिसका नाम उसने अपने नाम पर रखा: अहमदनगर।

Exit mobile version