गाजियाबाद में 8 में से 7 नगर पालिका-पंचायत में भाजपा की हार

गाजियाबाद। जनपद में आठ नगर पालिका और नगर पंचायत अध्यक्षों के नतीजे शनिवार को सामने आ गए हैं। राष्ट्रीय लोकदल ने दो, भाजपा ने एक, बसपा ने दो, एक निर्दलीय और एक सीट सपा के खाते में गई है। इस बार चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी ने भी खाता खोलते हुए चेयरमैन की एक सीट कब्जाई है।

लोनी नगर पालिका से राष्ट्रीय लोकदल की प्रत्याशी रंजीता धामा जीत गई हैं। वे लगातार दूसरी बार चेयरमैन निर्वाचित हुई हैं। उन्होंने 18089 वोटों से भाजपा प्रत्याशी पुष्पा प्रधान को हराया है। इस सीट पर दो विधायकों की प्रतिष्ठा दांव पर थी। खोड़ा नगर पालिका सीट से मोहिनी शर्मा जीत गई हैं। मोहिनी के पति अमरपाल शर्मा पूर्व विधायक हैं। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी रीना शर्मा को हराया है। साहिबाबाद क्षेत्र के बीजेपी विधायक सुनील शर्मा ने अड़कर ये टिकट रीना शर्मा को दिलवाया था। इस दौरान रीना शर्मा पर भ्रष्टाचार के भी खूब आरोप लगे थे। मुरादनगर नगर पालिका से बसपा के पूर्व विधायक वहाब चौधरी की पत्नी छम्मी चेयरमैन बन गई हैं। उन्होंने 1390 वोटों से निर्दलीय प्रत्याशी रेखा अरोड़ा को हराया है। भाजपा प्रत्याशी रमा देवी यहां तीसरे स्थान पर रही हैं। रेखा अरोड़ा ने पहले भाजपा से टिकट मांगा था, लेकिन भाजपा ने रमा देवी को टिकट दिया। ऐसे में रेखा अरोड़ा बागी होकर भाजपा के सामने ही चुनाव लड़ी थीं।

निवाड़ी नगर पंचायत में चेयरमैन के सपा प्रत्याशी अनिल जीते हैं। इन्हें कुल 1579 वोट प्राप्त हुए। जबकि प्रतिद्वंदी निर्दलीय प्रत्याशी नितिन को सिर्फ 1256 वोट ही मिले हैं। पतला नगर पंचायत पर राष्ट्रीय लोकदल की प्रत्याशी रीता चेयरमैन बनी हैं। इन्हें 2487 मत प्राप्त हुए। जबकि प्रतिद्वंदी भाजपा प्रत्याशी सचिन को 1579 वोट प्राप्त हुए।

मोदीनगर नगर पालिका सीट पर भाजपा प्रत्याशी विनोद वैशाली जीत गए हैं। इन्होंने बसपा प्रत्याशी को हराया है। हालांकि जीत की अधिकारिक घोषणा होनी बाकी है। फरीदनगर नगर पंचायत सीट पर आजाद समाज पार्टी की प्रत्याशी रेशमा जीत गई हैं। डासना नगर पंचायत से बसपा प्रत्याशी 3986 वोट लेकर जीती हैं। यहां दूसरे नंबर पर भाजपा प्रत्याशी को 2820 वोट प्राप्त हुए।

Exit mobile version