13 साल के लड़के ने पुलिसकर्मी पर चलाई गोली, जवाबी फायरिंग में घायल

लैकलैंड। अमेरिका के लैकलैंड में एक 13 साल के बच्चे ने पुलिस को गोली मार दी है। इस दौरान पुलिसकर्मी घायल हो गया है। बाद में बच्चा भी जवाबी फायरिंग में घायल हुआ है। जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रिपोर्ट के अनुसार 13 साल के बच्चे के पास 9 एमएम की सेमी ऑटोमैटिक हैंडगन थी, उसने फ्लोरिडा पुलिस अधिकारी पर गोली चला दी। जवाबी हमले में बच्चे को भी गोली लगी है और अब पुलिस अधिकारी और आरोपी बच्चा अस्पताल में भर्ती हैं। पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि दोनों ही खतरे से बाहर हैं। पुलिस अधिकारी के पैर में गोली लगी है जिसकी वजह से उसकी दो हड्डियां टूट गई हैं जबकि बच्चे के बाईं जांघ और पेट में गोली लगी है।

जांचकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि बच्चे ने पुलिस पर दो बार गोली चलाई। दोनों बार बच्चे ने भीड़भाड़ वाली जगह पर चलाई है। बच्चा 13 साल का हो सकता है, लेकिन वह पेशेवर की तरह बर्ताव कर रहा है और किसी भी पुलिस वाले पर गोली चला दे रहा है। हम कोशिश करेंगे कि वह लंबे समय तक जेल में रहे, वह काफी खतरनाक है। पुलिस ने इस आरोपी बच्चे को इस साल दूसरी बार गिरफ्तार किया है। इससे पहले जनवरी में भी उसे गिरफ्तार किया गया था, उस वक्त उसके पास से चोरी की बंदूक मिली थी। उसपर कार चोरी करने का भी आरोप है। एक गाड़ी में से यह बंदूक बरामद की गई थी।

अमेरिका में 2023 में अब तक फायरिंग की घटनाएं
अमेरिका में हर साल मास शूटिंग का ग्राफ बढ़ रहा है। बीते सालों की तुलना में इस वर्ष देश में फायरिंग की घटनाएं बढ़ी हैं, जबकि कुछ समय से आए दिन कहीं न कहीं से मास फायरिंग की घटना सामने आई, जिसमें कई लोगों के मरने या कई लोगों के घायल होने की खबर होती है। 2023 में चार महीने से भी कम समय में, अमेरिका पहले ही 146 बड़े पैमाने पर गोलीबारी देख चुका है।

आपको बता दें कि दुनिया के 46 फीसद सिविलियन बंदूकें अकेले अमेरिका के पास है। नागरिकों के बंदूक रखने के मामले में अमेरिका दुनिया में सबसे आगे हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक दुनिया में मौजूदा कुल 85.7 करोड़ सिविलियन गन यानी बंदूकों में से अकेले अमेरिका में ही 39.3 करोड़ सिविलियन बंदूक मौजूद हैं। दुनिया की आबादी में अमेरिका का हिस्‍सा पांच फीसद है, लेकिन दुनिया की कुल सिव‍िलियन गन में से 46 फीसद अकेले अमेरिका में है।

Exit mobile version