डिवाइडर से टकराई तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार, एक की मौत, तीन घायल

गाजियाबाद। लिंक रोड थाना क्षेत्र के औद्योगिक चौकी के सामने शनिवार सुबह करीब चार बजे तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई। हादसा इतना जोरदार था कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार में सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

साहिबाबाद औद्योगिक क्षेत्र में सूर्य नगर फ्लाईओवर के पास डिवाइडर से टकराई फॉर्च्यूनर कार को आदित्य प्रताप सिंह(22) चला रहा था। दुर्घटना में आदित्य की मौत हो गई जबकि आदित्य के मामा भावेश समेत तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को पुलिस ने कौशांबी के यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया है। वहां उनका उपचार चल रहा है।

आदित्य प्रताप सिंह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का सदस्य था, जो दिल्ली के जाकिर हुसैन कॉलेज में पढ़ाई कर रहा था। पुलिस ने आदित्य के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों का कहना है कि सभी लोग दिल्ली से वैशाली घर लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलने पर परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Exit mobile version