सीतापुर। यूपी के सीतापुर में सीसीटीवी फुटेज ने एक बेगुनाह को कत्ल का मुलज़िम ठहराए जाने से बचा लिया। उसके खिलाफ गांव के ही एक शख्स ने इतनी बड़ी साजिश रची थी कि कोई सोच भी नहीं सकता था। उस शख्स ने बेगुनाह को फंसाने के लिए अपने ही नौकर का कत्ल तक कर डाला और लाश को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया। इसके बाद खुद ही पुलिस को फोन कर इल्जाम अपने दुश्मन पर लगा दिया।
मामला सीतापुर के महोली थाना इलाके का है। आरोप है कि यहां भुड़िया गांव में रहने वाले एक ओम सिंह ने अपने नौकर नोखे (उम्र 45 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद उसके शव को रेलवे ट्रैक पर डालकर फरार हो गया। नोखे गांव में ही ओम सिंह के पास नौकरी करता था। ओम सिंह की गांव के किसी दूसरे व्यक्ति से दुश्मनी थी। अपने दुश्मन को फंसाने के लिए ओम सिंह ने साजिश रची। उसने नोखे की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद ही पुलिस को सूचना दे दी दी। ओम सिंह ने पुलिस को अपने दुश्मन का नाम बताते हुए हत्या के पीछे उसका हाथ होने का शक जता दिया।
ऐसे मिला बेगुनाही का सबूत
ओम सिंह की सूचना पर पुलिस ने उसके दुश्मन को पकड़ भी लिया लेकिन पूछताछ जब उसने उसने सफाई दी तो पुलिस सोचने पर मजबूर हो गई। उस शख्स ने कहा कि घटना के वक्त वह अपने घर पर ही था। इसे सीसीटीवी में देखा जा सकता है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज देखी तो बात सही निकली। वह वाकई घर पर ही था।
इसके बाद पुलिस ने ओम सिंह को पूछताछ के लिए उठाया। कड़ाई से पूछताछ करने पर ओम सिंह टूट गया। उसने नोखे को गोली मारे जाने की बात कबूल कर ली। यह भी बताया कि उसी ने शव को रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया था। इसके बाद पुलिस ने ओम सिंह को उसके नौकर के कत्ल के इल्जाम में गिरफ्तार कर लिया और बेगुनाह पाए शख्स को छोड़ दिया।
Discussion about this post