शहजादे को नवाब बनना है, भाजपा ने मीर जाफर से की राहुल गांधी की तुलना

File Photo

नई दिल्ली। लंदन में राहुल गांधी के भाषण को लेकर लगातार हंगामे का दौर जारी है। इस बीच भाजपा ने एक बार फिर से इस मसले पर संघर्ष जारी रहने के संकेत दिए हैं। मीडिया से बात करते हुए भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा ने मंगलवार को कहा कि हम राहुल गांधी से माफी मंगवाकर ही रहेंगे। उन्होंने राहुल गांधी की मीर जाफर से तुलना करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता ने लंदन में जाकर विदेशी ताकतों से भारत की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में दखल देने की मांग कर दी। यह मीर जाफ जैसी ही हरकत है, जब उसने ईस्ट इंडिया कंपनी की मदद की थी।

भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी आज की राजनीति के मीर जाफर हैं। पात्रा ने कहा, ‘शहजादा नवाब बनना चाहता है और इसके लिए ईस्ट इंडिया कंपनी को मदद करने का प्रस्ताव दिया है। आज इतिहास खुद को दोहरा रहा है।’ पात्रा ने कहा कि राहुल गांधी से हम माफी तो मंगवाकर रहेंगे। आखिर राहुल गांधी और मणिशंकर अय्यर में क्या अंतर है। अय्यर ने भी पाकिस्तान और कांग्रेस के साथ काम करने की बात कही थी। वहीं राहुल गांधी ने लंदन में जाकर कहा कि हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था में दखल दो और हमें नेता बनवाइए।

भाजपा के नेता ने कहा कि राहुल गांधी यहां तक गिर गए कि लंदन में कहा कि मीडिया और न्यायपालिका भारत में आजाद नहीं हैं। पात्रा ने कहा कि स्वतंत्र न्यायपालिका कैसी होती है, यह तो आपातकाल का अध्ययन करने पर पता चलेगा। शहजादे को नवाब बनना है, इसलिए यह सब किया जा रहा है। कांग्रेस हिन्दुस्तान की जनता की मदद से शहजादे को नवाब नहीं बना सकती है। इसलिए वह दूसरे देश में जाकर अपील करते हैं कि हमारी मदद करो। यह देश का अपमान है और हम इसे स्वीकार नहीं करेंगे।

राहुल माफी नहीं मांगेंगे, खरगे ने कहा
कांग्रेस ने भी दो टूक कहा है कि राहुल के माफी मांगने का सवाल ही नहीं उठता। पार्टी के अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा है कि ‘राहुल गांधी माफी नहीं मांगेंगे। हम बार-बार वही मांग करते रहेंगे जब तक हमें जवाब नहीं मिलता। यह सिर्फ मुद्दे से भटकाने की चाल है।’ खरगे ने कहा कि हमारे दूतावासों पर हमले हो रहे हैं और ये लोग उनकी निंदा नहीं कर रहे हैं। इन लोगों ने मेहुल चोकसी जैसों को सुरक्षा दी और अब ‘देशभक्ति’ की बात करते हैं। माफी मांगने का कोई सवाल नहीं है। वे पूछते रहेंगे, हम उसे नकारते रहेंगे। ये मुद्दे से भटकाने के लिए ऐसे कर रहे हैं। हमारे हाई कमीशन पर हमले हो रहे हैं। उसके बारे में कोई बात नहीं कर रहा।

Exit mobile version