तमंचे के बल पर मुंशी से सवा दो लाख की लूट

गाजियाबाद। मुरादनगर थाना क्षेत्र में गोदाम का शटर खोल रहे आढ़ती के मुंशी से बाइक सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर सवा दो लाख रुपये लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने मुंशी को मारपीट कर घायल कर दिया। पुलिस कॉलोनी व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कर रही है।

मूलरूप से चितौड़ा गांव निवासी सतेंद्र सिंह परिवार के समेत शंकर विहार कॉलोनी में रहते हैं। वह गेंहू व अन्य मोटे अनाज की आढ़त का काम करते हैं। सरना वाली गली में उनकी आढ़त की दुकान है। जलालपुर मार्ग त्रिमूर्ति विहार कॉलोनी में उनका गोदाम है। गोदाम पर चचेरे भाई अशोक कुमार बैठते हैं। सोमवार सुबह अशोक को सतेंद्र सिंह ने 2.25 लाख रुपये दिये थे। अशोक बाइक से रुपये लेकर त्रिमूर्ति विहार कॉलोनी स्थित गोदाम पर पहुंचे। उन्होंने जैसे ही गोदाम के शटर का ताला खोला, इसी बीच नकाबपोश बाइक सवार दो बदमाश आए और तमंचा दिखाकर गोली मारने की धमकी देकर अशोक से रुपयों से भरा बैग छीनने लगे।

जब अशोक कुमार ने बैग नहीं दिया तो एक बदमाश ने कहा कि सिर में गोली मार देंगे।इसके बाद बदमाशों ने अशोक कुमार से रुपये से भरा बैग लूट लिया। लूट का विरोध करने पर बदमाशों ने उसे मारपीट कर घायल कर दिया। अशेाक कुमार ने बताया कि बैग में सवा दो लाख रुपये की नगदी थी।

पीड़ित की तहरीर के आधार पर लूट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।डीसीपी ग्रामीण जोन रवि कुमार ने बताया कि आढ़ती सतेंद्र सिंह की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की टीम बदमाशों की तलाश में जुटी है।

Exit mobile version