दहेज के लिए ससुराल वालों की हैवानियत, बहु को पीटा, छत के रास्ते स्कूल में पहुंचकर बचाई जान

गाजियाबाद। जनपद में दहेज के लिए बहू को बुरी तरह पीटा गया, शरीर पर दांतों से काटने जैसे निशान हैं। नाखून और ब्लेडनुमा किसी औजार से शरीर को नोंचा गया। छत के रास्ते स्कूल पहुंचकर उसने अपनी जान बचाई। गुरुवार को इसका वीडियो सामने आया है।

मूल रूप से दिल्ली में रहने वाला एक परिवार मजदूरी करता है। इस परिवार की 18 वर्षीय इकरा की शादी 3 महीने पहले गाजियाबाद में नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित कैला भट्टा निवासी यूसुफ(23) से हुई। दोनों ने गाजियाबाद में रजिस्ट्रार ऑफिस में अपनी शादी रजिस्टर्ड कराई और फिर साथ रहने लगे। इकरा का आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज के लिए उसका उत्पीड़न किया जाता है। पति ने अपने भाई यानि महिला के जेठ संग रहने का दबाव बनाया। इसे न मानने पर इकरा की पिटाई की गई। दो दिन पहले इकरा जैसे-तैसे ससुराल से छत के रास्ते भाग गई। वह कई घरों की छत कूदते हुए आखिरकार कैला भट्ठा इलाके के एक सरकारी स्कूल की छत पर पहुंची। इस दौरान पढाई चल रही थी, घायल महिला को स्कूल की छत पर देख भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुँची महिला को नीचे उतारा गया।

पति-सास को जेल भेजा
इकरा की तहरीर पर पुलिस ने पति यूसुफ, जेठ यामीन, देवर साजिद और सास रानी के खिलाफ मारपीट व दहेज एक्ट का केस दर्ज कर लिया है। ACP अंशु जैन ने बताया कि पति और सास को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। महिला का मेडिकल कराया गया है। रिपोर्ट के आधार पर मुकदमे में धाराएं बढ़ाई जाएंगी।

Exit mobile version