गाजियाबाद में लालू यादव के समधी के घर ED टीम ने की छापेमारी

गाजियाबाद। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के समधी जितेंद्र यादव के घर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को छापा मारा है। ईडी की टीम सुबह आठ बजे से जितेंद्र यादव के आवास पर डेरा डाले हुए है। टीम अभी अंदर अपनी कार्रवाई कर रही है। सभी के मोबाइल बंद करा दिए गए हैं। किसी बाहरी व्यक्ति को अंदर जाने की इजाजत नहीं है।

सपा नेता जितेंद्र यादव गाजियाबाद के राजनगर सेक्टर-15 में रहते हैं। लालू प्रसाद यादव की बेटी रागिनी जितेंद्र यादव के बेटे राहुल यादव की पत्नी हैं। जितेंद्र यादव सपा के पूर्व एमएलसी हैं।शुक्रवार सुबह 8 बजे के बाद ईडी की टीम उनके निवास पर पहुंची। जिसके बाद से ही टीम जितेंद्र यादव के घर में अभी तक छानबीन कर रही है। कई दस्तावेजों खंगाले जा रहे हैं। पूरी कार्रवाई को गोपनीय तरीके से अंजाम दिया जा रहा है।

बता दें राहुल यादव ने सपा के टिकट पर साल 2017 और 2022 का विधानसभा चुनाव बुलंदशहर जिले की सिकंदराबाद विधानसभा सीट से लड़ा था, लेकिन दोनों बार हार हुई। विधानसभा चुनाव के वक्त दाखिल हलफनामे के मुताबिक, राहुल के पास करीब 25 करोड़ रुपए की संपत्ति है। राहुल गाजियाबाद में एक रेस्त्रां भी चलाते हैं, जिसमें रागिनी भी उनका हाथ बंटाती हैं। करीब 5 साल पहले राहुल यादव के खाते से एक करोड़ रुपए राबड़ी देवी के खाते में ट्रांसफर हुए थे, उस वक्त भी वे चर्चाओं में आए थे।

Exit mobile version