देश में कोई नहीं सुन रहा है तो विदेश में जाकर विलाप कर रहे हैं राहुल गांधी: रविशंकर प्रसाद

File Photo

नई दिल्ली। बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने आज राहुल गांधी पर जमकर बोला। उन्होंने राहुल गांधी के लंदन दौरे को लेकर पूछा, राहुल गांधी जी विदेश जाते ही आपको हो क्या जाता है? अब जब देश की जनता न आपको सुनती है न समझती है तो विदेश में जाकर विलाप करते हैं।

रविशंकर ने कहा कि राहुल गांधी जी विदेश जाते ही आपको हो क्या जाता है? सारी मर्यादा, सारी शालीनता, लोकतांत्रिक शर्म… सब भूल जाते हैं। उन्होंने कहा, “देश की जनता राहुल को ना सुनती ना समझती है और ना ही राहुल का समर्थन करती है। राहुल इसलिए विदेश में जाकर विलाप करते हैं। कहते हैं भारत का लोकतंत्र खतरे में हैं… ये शर्मिंदगी वाली बात है। राहुल ने लंदन में अपने भाषण में भारत की लोकतंत्र, संसद, जनता, राजनीतिक व्यवस्था, न्याय व्यवस्था सामरिक सुरक्षाा सबका अपमान किया है।”

राहुल ने देश को शर्मसार किया
रविशंकर ने कहा, “राहुल गांधी ने कहा कि यूरोप और अमेरिका को भारत में लोकतंत्र बचाने के लिए हस्तक्षेप करना चाहिए। इसका क्या मतलब है। सरकार किसी की भी हो, हम कभी किसी विदेशी ताकत का भारत में आंतरिक हस्तक्षेप को लेकर मुखर विरोधी रहे हैं। राहुल ने भारत को शर्मसार करने का काम किया है।”

खरगे, सोनिया गांधी से भाजपा का सवाल
रविशंकर ने खरगे और सोनिया गांधी से सवाल भी किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा जानना चाहती है कि क्या आप राहुल गांधी की टिप्पणी का समर्थन करते हैं। अगर समर्थन नहीं करते हैं तो खारिज करिए। सोनिया जी अपने पुत्र की गैर जिम्मेदाराना टिप्पणी का आप समर्थन करती हैं। राहुल ने देश की जनता को शर्मसार किया है।

Exit mobile version