होली पर जाना है घर, जानिए दिल्ली-गाजियाबाद में कहां से मिलेंगी बसें

रोडबेज बस

दिल्ली/गाजियाबाद। होली के त्योहार की छुट्टियां शुरू हो चुकी हैं। अपनों के साथ होली खेलने के लिए दूसरे राज्यों से भी लोग अपने घर जाने के लिए बेताब दिखाई दे रहे हैं। होली के त्योहार में सभी अपने घर लौटना चाहते हैं लेकिन बसों की सही जानकारी नहीं होने पर उन्हें काफी भटकना पड़ता है। इससे उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद होता है। हम अपनी इस रिपोर्ट में बताने वाले हैं कि दिल्ली-एनसीआर में कहां से किस शहर के लिए बस मिलेगी।

दिल्ली में तीन जगहों से दूसरे राज्यों के लिए बसें मिलती हैं। पहला- आनंद विहार आईएसबीटी, दूसरा- कश्मीरी गेट आईएसबीटी और तीसरा- सराय काले खां आईएसबीटी हालांकि किस जगह से कहां के लिए बस मिलती है, इसकी जानकारी नहीं होने पर भी आपको भटकना पड़ सकता है। आनंद विहार आईएसबीटी से आपको उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कई शहरों के लिए बसें मिलती हैं। कश्मीरी गेट आईएसबीटी से आपको पश्चिमी यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान के लिए बसें मिल जाएंगी।

गाजियाबाद के बस अड्डे पर भी खास इंतजाम किए गए हैं। गाजियाबाद से UPSRTC करीब 750 बसें चलाता है। ये बसें कौशांबी, लोनी और साहिबाबाद से चलती हैं। होली को देखते हुए सोमवार से बसों के टाइम शेड्यूल को बदल दिया गया है। अब जैसे ही लोकल रूट की बस में अड्डे से 20 से 25 सवारी बैठेंगी, तुरंत ही ड्राइवर को बस लेकर रूट पर चलना होगा। यह व्यवस्था सोमवार से गाजियाबाद, हापुड़, कौशांबी, लोनी, साहिबाबाद, बुलंदशहर, खुर्जा और सिकंद्राबाद डिपो के लोकल रूट पर होगी।

नोएडा में रहने वाले बस से घर जा सकते हैं। नोएडा डिपो से होली के मद्देनजर 24×7 बसें चलाई जाएंगी। नोएडा से आपको मेरठ, आगरा, बुलंदशहर, मथुरा, अलीगढ़, लखनऊ, हाथरस, बरेली, शामली, बदायूं, दादरी , जेवर आदि के लिए बसें चलती हैं। ये बसें दिल्‍ली के सराय काले खां, कश्‍मीरी गेट और आनंद विहार डिपो भी जाती हैं। नोएडा डिपो ने यात्रियों की मदद के लिए दो हेल्पलाइन नंबर्स- 0120-2507864 और 9625559288 जारी किए हैं। ग्रेटर नोएडा डिपो से भी पड़ोसी जिलों के लिए 139 बसें चलती हैं।

Exit mobile version