सपा विधायक पर गैंगस्टर एक्ट में कसा शिकंजा, गाजियाबाद में 5 करोड़ की संपत्ति जब्त

इरफ़ान सोलंकी

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश में योगी सरकार की माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के विधायक इरफान सोलंकी की 5 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त की गयी है।

गाजियाबाद के मधुबन बापूधाम में कानपुर से सपा विधायक इरफान सोलंकी का एक 300 वर्ग मीटर का प्लाट मौजूद है। यह प्लॉट उनकी पत्नी नसीमा सोलंकी और इरफान सोलंकी के नाम है। कानपुर से इंस्पेक्टर सुनील कुमार, सब इंस्पेक्टर विवेक शर्मा, एक हेड कांस्टेबल व दो कांस्टेबल समेत पांच सदस्यीय टीम गाजियाबाद भेजी गई और इस प्लॉट पर बाकायदा नोटिस चस्पा कर उसे सील कर दिया गया है। इसकी कीमत करीब ₹5 करोड़ रुपए आंकी जा रही है।

कानपुर के जाजमऊ की डिफेंस कॉलोनी निवासी नजीर फातिमा ने समाजवादी पार्टी के विधायक इरफान सोलंकी और उनके भाई रिजवान पर प्लॉट कब्जाने का आरोप लगाते हुए जाजमऊ थाने में केस दर्ज कराया था। महिला का आरोप था कि प्लॉट पर कब्जे के लिए विधायक ने अपने गुर्गों से प्लॉट में बनी झोपड़ी में आग लगवा दी थी। पुलिस ने इस मामले में विधायक, उसके भाई और गुर्गों के खिलाफ केस दर्ज कर विधायक और उनके साथियों को जेल भेजा था।

अब तक 38 करोड़ की संपत्ति जब्त
पुलिस ने महाराजगंज जेल में बंद विधायक समेत 8 लोगों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की है। गैंगस्टर के मुकदमे की जांच कानपुर नगर के फीलखाना थाना द्वारा की जा रही है। अभी तक कानपुर पुलिस विधायक, उनके भाई और पत्नी के अलावा अन्य लोगों की करीब 38 करोड़ की संपत्ति जब्त कर चुकी है।

Exit mobile version