‘उपराज्यपाल मनोज सिन्हा को हटाओ’, PM मोदी और अमित शाह से कश्मीरी पंडितों की अपील

पुलवामा। पुलवामा में कश्मीरी पंडित की आतंकियों द्वारा गोली मारकर हत्या किए जाने से गुस्साए लोगों ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के इस्तीफे की मांग की है।

बीते रविवार को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा में आतंकियों ने कश्मीरी पंडित को गोली मार दी थी। संजय शर्मा जोकि पेशे से सुरक्षा गार्ड थे, वो रविवार को बाजार जा रहे थे। इसी दौरान आतंकियों ने उन पर हमला किया। संजय को अस्पताल ले जाया गया था लेकिन उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया था। आज सोमवार को नम आंखों से संजय शर्मा का अंतिम संस्कार किया गया।

कश्मीरी पंडितों के संगठन ने बयान जारी कर कहा, ‘कश्मीरी पंडित संघर्ष समिति आप से हाथ जोड़कर यह अपील करती है कि वे अपने निजी एजेंडा को छोड़कर इस समस्या को गंभीरता से लें। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा को तत्काल हटाया जाए।’ कश्मीरी पंडितों ने कहा कि आतंकवादी आए दिन लोगों को मार रहे हैं। कश्मीरी पंडितों ने केंद्र सरकार से अपील की है कि तत्काल सख्त ऐक्शन के आदेश जारी किए जाएं। कश्मीरी पंडितों को मारने वाले आतंकवादियों को नेस्तनाबूद किया जाए। घाटी में कश्मीरी पंडितों के अलावा अन्य अल्पसंख्यक समुदाय भी खतरे का सामना कर रहे हैं। उन्हें भी आए दिन आतंकियों के हाथों मौत का शिकार होना पड़ रहा है। इन लोगों ने अपील की कि कश्मीर में केंद्र सरकार को कोई भी प्रयोग बंद कर देना चाहिए। यहां लोग मारे जा रहे हैं और ऐसी स्थिति बनी नहीं रह सकती।

कश्मीरी पंडित संघर्ष समिति ने कहा कि कश्मीर के हालात बदतर हो चले हैं। यहां कश्मीरी पंडितों की आजीविका और जिंदगी पर खतरा पैदा हो गया है। हिंदू यहां डर के साये में रह रहे हैं। आर्टिकल 370 हटाने के बाद भी यहां कोई सुधार नहीं हुआ है।

उपराज्यपाल ने घटना को बताया दुर्भाग्यपूर्ण
वहीं उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोमवार को संवाददाताओं से बात करते हुए कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। हत्या की निंदा करने के लिए कोई भी शब्द पर्याप्त नहीं है। जिसने भी इस कृत्य को अंजाम दिया है, हमारे सुरक्षाबलों उनको कठोर दंड देंगे। उन्होंने आगे कहा कि यह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है, मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं। जिन लोगों ने भी यह घटना की है, हमारे सुरक्षाकर्मी उन्हें कठोर दंड देंगे।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि घाटी में सुरक्षाकर्मी सुरक्षा व्यवस्था बेहतर करने और शांति बनाए रखने के लिए दिन रात मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की कभी कभार होने वाली घटनाएं आम लोगों में कई प्रकार के डर और भ्रम पैदा करती हैं। लेकिन घबराने की जरुरत नहीं है। हम 360 डिग्री सुरक्षा व्यवस्था पर काम कर रहे हैं। जल्द ही हम जम्मू कश्मीर में एक आदर्श सुरक्षा व्यवस्था और स्थिति बनाने में सफल रहेंगे।

Exit mobile version