संपत्ति विवाद में भाइयों ने बड़े भाई की कर दी हत्या, पत्नियों ने भी दिया साथ

मुंबई। महाराष्ट्र के मुम्बई में एक व्यक्ति की उसके दो छोटे भाइयों ने हत्या कर दी। वारदात में उनकी पत्नियों ने भी साथ दिया। सोमवार को पुलिस को सूचना मिली जिसके आबाद चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

43 वर्षीय जितेंद्र मोटखुरी और 40 वर्षीय महेंद्र मोटखुरी भाइयों के खिलाफ प्राथमिकी 46 वर्षीय मृतक रविकुमार मोटखुरी की पत्नी सपना मोटखुरी की शिकायत के आधार पर दर्ज की गई थी। शिकायत के मुताबिक, घटना ग्रीनफील्ड कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी में शनिवार शाम करीब पांच बजे हुई। फ्लैट के मालिकाना हक को लेकर तीनों भाइयों में अक्सर लड़ाई होती थी और संपत्ति का विवाद अदालत में भी पहुंचा था।

मृतक की पत्नी सपना की शिकायत में कहा गया है कि जितेंद्र और महेंद्र जानते थे कि उनका भाई दिल की बीमारी से पीड़ित है और अगर उसे पीटा गया तो यह उसकी मौत का कारण बन सकता है। उसने आरोप लगाया कि भाइयों ने जानबूझकर संपत्ति के विषय को उठाया और झगड़ा हो गया। इसमें आरोपियों की की पत्नी प्रियंका और भाग्यश्री भी शामिल हैं।

मारपीट के दौरान उन्होंने रविकुमार की पिटाई की और उसे सोफे पर धकेल दिया। इससे वह होश खो बैठा और गिर पड़ा। इसके बाद उन्हें अंधेरी के होली स्पिरिट अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सपना द्वारा संदेह जताए जाने के बाद मृतक के विसरा को संरक्षित कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया था।

Exit mobile version