फैक्ट चेक: फोटो में जवाहरलाल नेहरू के साथ एडविना नहीं है

सोशल मीडिया में पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की एक तस्वीर वायरल की जा रही है। वायरल तस्वीर को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि इस तस्वीर में पंडित नेहरू के साथ दिख रही महिला का नाम एडविना हैं। फेसबुक यूजर ‘असीस दुबे‘ ने 9 फरवरी को एक तस्वीर को शेयर करते हुए लिखा है, “जब भगत सिंह चंद्रशेखर आजाद,नेताजी सुभाष चन्द्र बोस देश के लिए बलिदान दे रहे थे, तो गदार नेहरु एडविना के साथ गुलछर्रे उड़ा रहा था।“

पड़ताल: हमने वायरल तस्वीर की सच्चाई जानने के लिए गूगल लेंस का इस्तेमाल किया। हमें वायरल तस्वीर कई जगह अपलोड मिली। The Hindu की वेबसाइट पर 21 जनवरी 2012 को प्रकाशित आर्टिकल में वायरल तस्वीर मिली। द हिन्दू का यह आर्टिकल भारत की मशहूर फोटो जर्नलिस्ट होमाई व्यारावाला पर आधारित था।

होमाई व्यारावाला भारत की पहली महिला फोटो जर्नलिस्ट मानी जाती हैं। यहां तस्वीर के साथ जानकारी दी गई थी, “Prime Minister Nehru with Mrs. Simon, the wife of the British Deputy High Commissioner, on board the first BOAC flight in India. Photos courtesy: HomaiVyarawalla archive,Alkazi Collection ofPhotography।” (हिंदी अनुवाद : ब्रिटिश डिप्टी हाई कमिश्नर की पत्नी श्रीमती सिमॉन के साथ प्रधान मंत्री नेहरू भारत में पहली BOAC उड़ान पर। )

सर्च के दौरान हमें homegrown.co.in की वेबसाइट के एक आर्टिकल में भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की कई तस्वीरें मिली। 8 जून 2021 को प्रकाशित आर्टिकल में वायरल तस्वीर के साथ कैप्शन में लिखा है,‘एक ब्रिटिश डिप्लोमैट की पत्नी की सिगरेट जलाते नेहरू।’ इस रिपोर्ट को यहां क्लिक कर देखा जा सकता है। यहां तस्वीर का क्रेडिट अल्काज़ी कलेक्शन ऑफ़ फोटोग्राफी, होमाई व्यारावाला आर्काइव्ज को दिया गया था।

हमें प्रेस इन्फॉर्मेशन ब्यूरो, मुंबई की साइट पर 16 जनवरी 2012 का एक लेख मिला। यह लेख होमाई व्यारावाला के निधन के बाद लिखा गया था। इस लेख की शुरुआत में ही पंडित नेहरू की इस मशहूर तस्वीर का जिक्र कर होमाई व्यारावाला को याद किया जा रहा है। इस लेख को यहां क्लिक कर देखा जा सकता है।

निष्कर्ष: पड़ताल में पंडित नेहरू की तस्वीर को लेकर किया जा रहा दावा फर्जी निकला। तस्वीर में पंडित नेहरू के साथ माउंटबेटन की पत्नी एडविना नहीं बल्कि तत्कालीन ब्रिटिश डिप्टी हाई कमिश्नर की पत्नी सिमॉन हैं।

Exit mobile version