सर्वे: अगर आज हुए चुनाव तो फिर से बन सकती है एनडीए की सरकार, 67% लोग मोदी सरकार से संतुष्ट

नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस के दिन ही केंद्र में नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली एनडीए सरकार के कामकाज को लेकर एक बहुत बड़ा सर्वे का नतीजा सामने आया है। इंडिया टुडे सी-वोटर के ताजा सर्वे के मुताबिक अगर आज देश में लोकसभा चुनाव हुए तो एनडीए की केंद्र में वापसी हो सकती है। इस सर्वे के अनुसार देश के 67 फीसदी लोग मोदी सरकार के काम से संतुष्ट हैं।

इंडिया टुडे ने सी-वोटर के साथ मिलकर ‘मूड ऑफ द नेशन’ के नाम से एक बड़ा सर्वे किया है।मोदी सरकार 9 साल से सत्ता में है, बावजूद इसके सर्वे में शामिल 67 फीसदी लोगों की नजर में इसका प्रदर्शन संतोषजनक रहा है। सर्वे की मानें तो मोदी सरकार की लोकप्रियता 6 महीने में और बढ़ गई है। यह आंकड़े जनवरी, 2023 के ही हैं। इसके मुताबिक अगस्त, 2022 के मुकाबले इन आंकड़ों में 11 फीसदी बढ़ोतरी हुई है।

सर्वे के मुताबिक एनडीए को 298 सीटें मिलने का अनुमान है जबकि यूपीए के हिस्से में 153 सीटें आ सकती हैं, अन्य दलों को 92 सीटें मिल सकती हैं। वोट शेयर की बात करें तो एनडीए को 43 फीसदी वोट मिल सकते हैं। यूपीए के खाते में 29% और अन्य के खाते में 28 प्रतिशत वोट मिल सकते हैं। सर्वे के मुताबिक असम, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश में एनडीए को फायदा होता दिख रहा है जबकि यूपीए को कर्नाटक, महाराष्ट्र और बिहार में फायदा होने की उम्मीद है।

जहां तक पार्टियों का सवाल है तो अगर आज देश में चुनाव हुए तो सर्वे के मुताबिक बीजेपी को 284 सीटें मिल सकती हैं वहीं कांग्रेस की झोली में 68 सीटें आ सकती हैं। हालांकि अन्य क्षेत्रीय दल 191 सीटें हासिल कर सकते हैं। जहां तक वोट शेयर का सवाल है तो बीजेपी को 39%, कांग्रेस को 22% और अन्य दलों को 39 फीसदी वोट शेयर हासिल होने का अनुमान है।

मोदी सरकार से असंतुष्टों की संख्या में बड़ी गिरावट
इंडिया टुडे और सी-वोटर के इस सर्वे में कुल 1,40,917 लोगों से सवाल पूछे गए हैं। नतीजे बताते हैं कि 2022 के अगस्त में मोदी सरकार के कामकाज से 37 फीसदी लोग असंतुष्ट थे, जो कि अब घटकर महज 18 फीसदी रह गए हैं। जहां तक एनडीए सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि की बात है, तो 20 फीसदी लोगों का मानना है कि कोविड-19 महामारी का सामना करना इस सरकार की सबसे बड़ी सफलता रही है। वहीं 14 फीसदी लोगों का कहना है कि आर्टिकल 370 हटाना इस सरकार की सबसे बड़ी कामयाबी है। लेकिन, 12 फीसदी लोग ऐसे हैं, जिनके मुताबिक अयोध्या में भगवान राम के भव्य मंदिर का निर्माण इस सरकार की सबसे बड़ी सफलता है।

Exit mobile version