‘दिग्विजय सिंह को कुछ पता नहीं, झूठ के शिकार न हों देशवासी’, IAF के पूर्व अधिकारी ने लताड़ा

नई दिल्ली। सर्जिकल स्ट्राइक पर सवाल उठाकर कांग्रेस के दिग्गज नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह इन दिनों सुर्खियों में हैं। वायु सेना की पश्चिमी कमान के चीफ एयर मार्शल रहे रघुनाथ नांबियान ने उन्हें इसका करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा है कि दिग्विजय सिंह जैसे नेताओं द्वारा फैलाए जा रहे झूठ पर विश्वास नहीं करना चाहिए।

वेस्टर्न एयर कमांड के पूर्व चीफ एयर मार्शल (रिटायर्ड) रघुनाथ नांबियार ने कहा, ‘इन महाशय को कुछ पता नहीं कि वो क्या बोल रहे हैं। उन्हें गलत जानकारी दी गई है और उन्हें हकीकत का अंदाजा ही नहीं है। मैंने बालाकोट एयरस्ट्राइक के दो दिन बाद वेस्टर्न कमांड के चीफ की जिम्मेदारी संभाली थी और मुझे सबकुछ पता है कि क्या हुआ था। मैं आप सबको आश्वस्त करता हूं कि हमारे बहादुर पायलटों ने बिल्कुल वही किया जो उन्हें करने को कहा गया था। हमने उन्हें जो-जो कहा, उन्होंने वो सारे लक्ष्य हासिल किए। कृपया किसी झूठ पर विश्वास नहीं करें और पूरी तरह निश्चिंत रहें कि बालाकोट एयर स्ट्राइक एक ऐतिहासिक सफलता थी।’

क्या कहा था दिग्विजय सिंह ने?
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने सर्जिकल स्ट्राइक को लेकर विवादित बयान दिया था। उन्होंने कहा कि सरकार ने सर्जिकल स्ट्राइक का अभी तक कोई सबूत नहीं दिया है। जबकि सरकार ने दावा किया है कि उस हमले में कई आतंकवादी मारे गए थे। दिग्विजय ने कहा, पुलवामा हमले में सीआरपीएफ के चालीस जवान शहीद हुए थे।

दिग्विजय ने कहा कि सीआरपीएफ निदेशक ने अनुरोध किया था कि यह (पुलवामा) एक संवेदनशील क्षेत्र है। ऐसे में जवानों को विमान के माध्यम से श्रीनगर से दिल्ली भेजा जाना चाहिए, लेकिन सरकार ने यह अनुरोध स्वीकार नहीं किया। सरकार ने अब तक संसद या लोगों के सामने घटना का विवरण नहीं रखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार झूठ के जरिये देश पर शासन कर रही है।

Exit mobile version