महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी दे सकते हैं इस्तीफा, पीएम मोदी से की बात

मुंबई। महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी जल्द ही अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं।उनकी तरफ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने ये इच्छा जाहिर कर दी गई है। उन्होंने कहा है कि वे अपनी आगे की जिंदगी पढ़ने, लिखने में लगाना चाहते हैं। वे हर तरह की राजनीतिक जिम्मेदारियों से मुक्ति चाहते हैं।

महाराष्ट्र के राज्यपाल कोश्यारी ने ट्वीट करते हुए कहा, ‘हाल ही में माननीय प्रधानमंत्री के मुंबई दौरे में मैंने उनको अपनी इच्छा के बारे में बता दिया है। मैंने पीएम मोदी से कहा है कि मैं सभी राजनैतिक जिम्मेदारियों से मुक्त होना चाहता हूं। अपने जीवन का बाकी हिस्सा मैं पढ़ने, लिखने और दूसरी गतिविधियों में बिताना चाहता हूं।’

‘महाराष्ट्र से मिला प्यार कभी भूल नहीं सकता’
कोश्यारी ने ट्वीट करते हुए साफ रूप से गवर्नर पद से विदाई के संकेत दिए हैं। कोश्यारी ने एक और ट्वीट में कहा, ‘महाराष्ट्र जैसे महान राज्य के राज्य सेवक या राज्यपाल के तौर पर काम करना मेरे लिए बहुत ही सम्मान और गर्व का विषय है। महाराष्ट्र साधुओं, समाजिक कार्यकर्ताओं और बहादुर योद्धाओं की धरती है। पिछले तीन साल से छोड़ा ज्यादा अरसे से महाराष्ट्र के लोगों से मिले प्यार और सम्मान को मैं कभी भूल नहीं सकता।’

विवादों से पुराना नाता
भगत सिंह कोश्यारी का विवादों से नाता मजबूत होता गया है। इन विवादों की शुरुआत सवित्रि बाई फुले पुणे यूनिवर्सिटी में हुए एक कार्यक्रम से शुरू हो गई थी। उस कार्यक्रम में कोश्यारी ने महात्मा ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले के बाल विवाह को लेकर एक विवादित बयान दिया था। उसके बाद छत्रपति शिवाजी महाराज को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी गई थी। इसके अलावा गुजराती और मराठी समुदाय को लेकर भी उन्होंने अजीबोगरीब बात कह दी थी।

इन्हीं सब बयानों की वजह से उद्धव ठाकरे और दूसरी विपक्षी पार्टियां तो लगातार राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी का इस्तीफा चाहती थीं। बीजेपी की तरफ से खुलकर इस पर कुछ नहीं कहा गया लेकिन जमीन पर चुनौती बढ़ती जा रही थी। अब उस चुनौती के बीच ही खुद भगत सिंह कोश्यारी ने इस्तीफा देने की बात कर दी है।

Exit mobile version