गाजियाबाद: मासूम बच्ची की हत्या में 13 वर्षीय किशोर गिरफ्तार, दुष्कर्म के विरोध पर की थी हत्या

गाजियाबाद। मोदीनगर क्षेत्र में छह वर्षीय बच्ची की हत्या का रविवार को सनसनीखेल खुलासा हुआ है। दुष्कर्म की कोशिश का विरोध करने पर मासूम की हत्या गांव के ही 13 साल के किशोर ने की थी। इसके बाद पहचान छिपाने के मकसद से बच्ची का चेहरा ईंट से कूच दिया।

क्षेत्र के गांव गदाना निवासी छह वर्षीय बच्ची प्राइमरी स्कूल में पढ़ती थी। शुक्रवार रात वो अपने दादा-दादी के पास सोने गई थी। यहां से शनिवार सुबह 9 बजे अपने घर वापस आई। ताई ने स्कूल के लिए तैयार होने को कहा, लेकिन वो घर से बाहर खेलने चली गई। इसके बाद वो लापता हो गई। परिजनों ने खोजबीन शुरू की तो बच्ची की लाश एक प्लॉट में बिटौरे के पास लहूलुहान अवस्था में मिली। उसका चेहरा ईंट से कुचला हुआ था। पास ही खून सनी ईंट पड़ी थी।

डीसीपी ग्रामीण रवि कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित की उम्र 13 वर्ष है। वह बच्ची के घर से थोड़ी ही दूरी पर रहता है। काफी समय से उसकी नजर बच्ची पर थी। शनिवार सुबह जब बच्ची खेल रही थी तो आरोपित उसे अपने साथ खेत में ले गया। वहां बिटौड़े के बीच में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश करने लगा। आरोपित की हरकत का बच्ची ने विरोध किया। आरोपित ने बच्ची के सिर में ईंट मार दी, जिससे वो बेहोश हो गयी। आरोपित को डर था कि बच्ची उसकी करतूत के बारे में गांव में न बता दें। इसलिए उसने ईंट से बच्ची का चेहरा कूच दिया और स्कूल चला गया।

डीसीपी ग्रामीण जोन रवि कुमार ने बताया कि पुलिस उस तक पेड़ पर लटकी मिली उसकी खून से सनी कमीज के जरिए पहुंची। हत्या के दौरान उसकी कमीज पर खून के छींटे आए थे। उसने कमीज को धो-कर घर के पास पेड़ पर फेंक दिया था। यह टहनियों में उलझ गई थी। पुलिस का कहना है कि उसे शनिवार की दोपहर स्कूल से ही हिरासत में लिया गया था। उस पर शक उसकी कमीज से हुआ था।

घटना के खुलासे में लगीं पुलिस की सात टीमों में से एक ने यह कमीज लटकी देखी थी। उसे उतारकर देखा गया तो उस पर खून के निशान नजर आ रहे थे। यह कमीज गांव के लोगों को दिखाई गई तो एक बच्चे ने इसे किशोर की बताया। पुलिस को गुमराह करने के लिए किशोर हत्या के बाद स्कूल पहुंच गया था।

आरोपी बच्चे का पिता भी जेल में बंद
वारदात के बाद आरोपी किशोर ने पास में ही हैंडपंप पर पहुंचकर अपने खून सने हाथ धोए। इसके बाद घर आकर शर्ट धोई और पेड़ पर फेंक दिया। दूसरी शर्ट पहनकर आरोपी स्कूल में पहुंच गया, ताकि किसी को शक न हो। आरोपी कक्षा छह में पढ़ता है। आरोपी किशोर का पिता भी करीब दो महीने पहले शराब पीकर अपने घर में ही आग लगाने के मामले में गिरफ्तार हुआ था। फिलहाल वो भी जेल में बंद है।

Exit mobile version