गाजियाबाद: शादी के बाद दुल्हन ने किया कांड, लाखों की नकदी और गहने लेकर फरार

गाजियाबाद। थाना मोदीनगर क्षेत्र के एक गांव की नवविवाहिता ससुराल से गायब हो गई है। गायब नवविवाहिता अपने साथ नकदी और गहने भी ले गई है। परिजनों ने खोजबीन के बाद मामले की तहरीर दी है। गुमशुदगी दर्ज करके पुलिस छानबीन में जुटी है।

क्षेत्र के गांव खंजरपुर में निवासी गजेंद्र पुत्र ओमपाल की शादी जिला हापुड़ के गांव सलोनी तहसील गढ़मुक्तेश्वर की रहने वाली नेहा के साथ हिंदू रीति-रिवाज के साथ 21 नवंबर 2022 को संपन्न हुई थी। शादी के बाद हुई विदाई में दुल्हन अपने ससुराल आ गई। सब कुछ ठीकठाक चलता रहा। पीड़ित गजेंद्र का कहना है कि 16 दिसंबर 2022 को उनकी रिश्तेदारी में किसी का निधन हो गया तो पूरा परिवार वहां गया हुआ था और नेहा घर पर अकेली थी।

पीड़ित का आरोप है कि उसकी पत्नी नेहा ने मौके का फायदा उठाते हुए घर में रखे एक लाख रुपये, दो सोने की अंगूठी और करीब दो तोले की सोने की चेन, चांदी की पायल और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गई। वह लोग जब वापस आए तो सारा सामान फैला हुआ नजर आया और नेहा घर से गायब मिली।

इसकी जानकारी उन्होंने नेहा के घरवालों को दी तो उन्होंने 10 दिन के अंदर नेहा को ढूंढ कर वापस लाने का आश्वासन दिया। पीड़ित का कहना है कि लगातार वह आश्वासन देते रहे लेकिन अभी तक भी नेहा का कोई पता नहीं चल पाया है। अब परेशान होकर उन्होंने नेहा के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। एसीपी रितेश त्रिपाठी का कहना है कि इस तरह का मामला सामने आया है फिलहाल तहरीर के आधार पर मामला दर्ज करते हुए इस पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

Exit mobile version