जम्मू कश्मीर पहुंचने से पहले ही कांग्रेस को झटका, प्रवक्ता ने दिया इस्तीफा

श्रीनगर। कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के जम्मू कश्मीर पहुंचने से पहले पार्टी को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और प्रवक्ता दीपिका पुष्कर नाथ ने इस्तीफा दे दिया है।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा जम्मू-कश्मीर पहुंच रही है। लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर कांग्रेस का यह दांव माना जा रहा है। कन्याकुमारी से कश्मीर तक राहुल गांधी रोज 25 किलोमीटर पैदल चल रहे हैं। इसी बीच कांग्रेस की प्रवक्ता दीपिका पुष्कर नाथ ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। उनका यह इस्तीफा बीजेपी के पूर्व नेता और मंत्री चौधरी लाल सिंह को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने की अनुमति देने के बाद हुआ है।

कठुआ कांड की वकील और कांग्रेस प्रवक्ता दीपिका पुष्कर नाथ ने अपने ऑफिशियल ट्विटर हैंडल से ट्वीट करते हुए लिखा कि वह वैचारिक कारणों पर पार्टी छोड़ रही हैं, क्योंकि सिंह आठ साल की बच्ची के बलात्कारियों का ‘बेशर्मी से बचाव’ करके 2018 के कठुआ दुष्कर्म मामले में अभियोजन का पक्ष कमजोर करने के लिए जिम्मेदार थे।

दीपिका पुष्कर नाथ ने आगे लिखा, ‘चौधरी लाल सिंह के भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के प्रस्ताव और कांग्रेस की अनुमति के मद्देनजर, मेरे पास कांग्रेस से इस्तीफा देने के अलावा और कोई विकल्प नहीं बचा है। इतना ही नहीं, दीपिका ने आगे राहुल गांधी का जिक्र करते हुए ट्वीट किया, ‘लाल सिंह ने बलात्कारियों को बचाने के लिए जम्मू-कश्मीर के पूरे क्षेत्र को बांट दिया और यह भारत जोड़ो यात्री के वैचारिक रूप से विपरीत है। वैचारिक आधार पर, मैं ऐसे व्यक्ति के साथ पार्टी का मंच साझा नहीं कर सकती।

कौन हैं चौधरी लाल सिंह?
दो बार के सांसद और तीन बार के विधायक चौधरी लाल सिंह 2014 में कांग्रेस छोड़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए थे। लाल सिंह पीडीपी-बीजेपी सरकार में मंत्री भी थे। गठबंधन सरकार के गिरने से कई महीने पहले लाल सिंह ने कठुआ मामले में खुलकर आरोपियों के समर्थन में आए थे और उन्हें साल 2018 में मंत्री पद से इस्तीफा भी देना पड़ा था। इसके बाद उन्होंने डोगरा स्वाभिमान संगठन पार्टी (DSSP) बनाई थी।

Exit mobile version