बस और ट्रक से हुई टक्कर, हादसे में 10 की मौत, कई घायल

नासिक। महाराष्ट्र के नासिक में शुक्रवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां एक तेज रफ्तार बस ट्रक से टकरा गई, जिससे 10 लोगों की मौत हो गई। हादसे में कई लोग घायल भी हुए हैं। हादसे पर सीएम ने दुःख जताया है।

मुंबई से सटे अंबरनाथ, ठाणे और उल्हासनगर से यह तमाम साईं भक्त शिर्डी की तरफ जा रहे थे। सुबह करीबन सात बजे नासिक की सिन्नार तहसील में पथारे के पास ट्रक से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस और ट्रक दोनों ही बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। मृतकों की पहचान अभी नहीं हो पाई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन से आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घायलों को सिन्नार के ग्रामीण अस्पताल और यशवंत अस्पताल ले जाया गया। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हादसे की खबर मिलते ही सीएम ने नासिक के मंडलायुक्त और जिलाधिकारी से दुर्घटना की जानकारी ली। दुर्घटना में अब तक दस लोगों की मौत हुई है जबकि 35 यात्री घायल हैं जिनमें से 6 गंभीर रूप से जख्मी हैं। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने नासिक-शिरडी हाईवे पर हुई दुर्घटना पर शोक जताया है। साथ ही उन्होंने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा भी की है।

Exit mobile version