गाजियाबाद में 15 साल की लड़की से गैंगरेप, दो ई-रिक्शा चालक गिरफ्तार

गाजियाबाद। मुरादनगर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की से ई-रिक्शा चालक और उसके साथी ने दुष्कर्म किया। दोनों आरोपी नाबालिग को कई घंटे तक घुमाते रहे। इसके बाद एक सुनसान जगह पर ले जाकर रेप की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने दोनों आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

मुरादनगर निवासी लड़की 10 जनवरी की शाम 4 बजे दूध लेने के बहाने घर से निकल गई। वो मां से किसी बात पर नाराज थी, इसलिए दिल्ली जाना चाहती थी। रास्ते में ई रिक्शा सवार दो लड़के मिले। लड़की ने उन्हें बताया कि उसको दिल्ली जाना है। लड़कों ने लड़की को ई रिक्शे में बैठा लिया। वे करीब 3-4 घंटे तक लड़की को ई रिक्शे में बैठाकर इधर-उधर घुमाते रहे। रात होने पर जलालपुर रोड पर एक खाली प्लाट में ले गये और दोनों ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसकी पिटाई भी की।

इसके बाद आरोपियों ने रात साढ़े 10 बजे लड़की को मुरादनगर बस स्टैंड पहुंचकर दिल्ली जाने वाली रोडवेज बस में बैठाकर रवाना कर दिया। लड़की के पास किराए के पैसे ना होने पर वह गाजियाबाद एएलटी चौराहे पर उतर गई। जहां बीती रात करीब 12:30 बजे लड़की परेशान हालत में पुलिस को नजर आई। पुलिस ने उससे पूछताछ की तो उसने घटना की जानकारी दी।

गाजियाबाद पुलिस ने मुरादनगर थाना पुलिस से संपर्क साधा। इसके बाद मैनुअल इंटेलिजेंस और सर्विलांस की मदद से मुरादनगर पुलिस ने घटना में शामिल दोनों आरोपियों नाजिम और जाहिद को गिरफ्तार कर लिया। इसके साथ ही घटना में इस्तेमाल किया गया ई-रिक्शा भी आरोपियों से बरामद किया है।

एसीपी डा ई राजा ने बताया कि दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। किशोरी का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। दोनों आरोपितों को कोर्ट में पेश किया जाएगा। मामले में जल्द ही चार्जशीट दाखिल कर आरोपितों को सख्त सजा दिलाई जाएगी।

Exit mobile version