पीएम मोदी ने किया ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का उद्घाटन, बोले- आत्मनिर्भर भारत कैंपेन ने सुधारों को बड़ी गति दी

File Photo

नई दिल्ली/इंदौर। पीएम मोदी ने बुधवार को मध्य प्रदेश में ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का शुभारंभ किया। दो दिवसीय ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन इंदौर के ब्रिलियंट क्नेंशन सेंटर में हो रहा है। पीएम मोदी ने वर्चुअली कार्यक्रम को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के प्रति निवेशकों का आशावाद सशक्त लोकतंत्र, राजनीतिक स्थिरता और युवा मानव संसाधन की बदौलत प्रदर्शित हो रहा है।

पीएम ने कहा कि देश की आजादी के अमृत काल के दौरान इस समिट का आयोजन हो रहा है। हम सब विकसित भारत के निर्माण में जुटे हैं। विकसित भारत हमारा केवल लक्ष्य नहीं, बल्कि संकल्प है। दुनिया के कई अन्य देशों के मुकाबले भारत काफी अच्छी स्थिति में है। हम ईज ऑफ लिविंग और ईज ऑफ बिजनेस पर लगातार काम कर रहे हैं। एक ताजा सर्वे में बताया गया है कि विश्व के ज्यादातर निवेशकों की पहली पसंद भारत है।

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश वर्ष 2014 से ‘रिफॉर्म’ (सुधार), ‘ट्रांसफॉर्म’ (परिवर्तन) और ‘परफॉर्म’ (प्रदर्शन) के रास्ते पर चल रहा है। उन्होंने कोविड-19 के प्रकोप की ओर परोक्ष इशारा करते हुए कहा, ‘यहां तक कि सदी में एक बार सामने आने वाले भीषण संकट के दौरान भी हमने सुधारों की राह नहीं छोड़ी। आत्मनिर्भर भारत अभियान ने देश में सुधारों को बड़ी गति दी है। नतीजतन आज भारत निवेश की एक आकर्षक मंजिल बन चुका है।’ प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के प्रति निवेशकों का आशावाद सशक्त लोकतंत्र, राजनीतिक स्थिरता और युवा मानव संसाधन की बदौलत प्रदर्शित हो रहा है।

डिफेंस, माइनिंग को प्राइवेट क्षेत्रों के लिए खोला
मोदी ने अपने संबोधन में ये भी कहा कि हमने कॉर्पोरेट टैक्स और अन्य कई परेशानियों को व्यवसाय से हटाया है। हमने डिफेंस, माइनिंग और स्पेस जैसे कई क्षेत्रों को प्राइवेट क्षेत्रों के लिए खोल दिया है। कंप्लायंस के बोझ को कम किया गया है। 44 हजार कंप्लायंस को हटाया जा चुका है। हाल ही में नेशनल सिंगल विंडो सिस्टम शुरू किया गया है। इससे मध्य प्रदेश भी जुड़ा है।

IMF ने की भारत की तारीफ
पीएम ने आगे कहा कि आईएमएफ भारत को वैश्विक अर्थव्यवस्था में एक उज्ज्वल स्थान के रूप में देखता है। विश्व बैंक का कहना है कि भारत कई अन्य देशों की तुलना में वैश्विक विपरीत परिस्थितियों से निपटने के लिए बेहतर स्थिति में है। यह भारत के मजबूत मैक्रोइकॉनॉमिक फंडामेंटल के कारण है। OECD ने कहा है कि भारत इस साल जी-20 समूहों में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल होगा। मॉर्गन स्टेनली के अनुसार, भारत अगले 4-5 वर्षों में दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा है।

डेटा के इस्तेमाल, आईटी में नंबर-1 भारत
मोदी ने कहा कि भारत मोबाइल डेटा के उपयोग करने में नंबन वन है। आईटी में नंबर वन है। भारत देश का तीसरा ऑटो मार्केट है। भारत के डिजिटल इंफ्रा के लिए हर कोई विश्वास से भरा हुआ है। भारत एक तरफ गांव-गांव तक ऑप्टीकल फाइबर नेटवर्क पहुंचा रहा है। वह तेजी से 5 जी नेटवर्क का विस्तार कर रहा है। हर व्यक्ति के लिए इंटरनेट आफ थिंग्स और एआइ जो भी इंफ्रा बन रहे हैं वह भारत को गति देंगे। यह सब कोशिश भारत को ताकत देंगे।

उद्धाटन से पहले अपने स्वागत भाषण में सीएम शिवराज सिंह चौहान ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। शिवराज ने कहा कि एमपी पलक पावड़े बिछाकर अपने अतिथियों का स्वागत करता है। पूरा शहर रोशनी और मांडनों से सजा है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर बन रहा है। पूरे देश में निवेश के लिए माहौल अनुकूल है। मध्य प्रदेश में निवेश को लेकर अपार संभावनाएं हैं और निवेशकों को इसका फायदा उठाना चाहिए।

Exit mobile version